
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Aaj Ka Mausam 25 December: भारत के उत्तरी और पूर्वी हिस्से वर्तमान में भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्य कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठिठुरन बढ़ना तय है.
मौसम विभाग के विश्लेषण के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी भारत के राज्यों में अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2°C से 4°C तक की क्रमिक गिरावट होने की संभावना है.
इसी तरह, पूर्वी भारत के राज्यों में भी अगले तीन दिनों के दौरान पारा 2°C से 3°C तक लुढ़क सकता है. तापमान में आ रही यह कमी मैदानी इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति पैदा कर रही है, जहां दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है.
कोहरे और ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक स्थिति गंभीर बनी रह सकती है. विशेष रूप से रात और सुबह के समय बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है.
उत्तर प्रदेश (पूर्वी हिस्सा), मध्य प्रदेश और ओडिशा में भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. पूर्वोत्तर राज्यों, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 दिसंबर तक कोहरे और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई गई है.
मैदानी इलाकों की बात करें तो राजस्थान का सीकर सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 5.0°C तक पहुंच गया. इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में पारा 5°C से 10°C के बीच झूल रहा है. मध्य भारत के राज्यों जैसे छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी रातें काफी सर्द हो गई हैं.
एक ओर जहां मैदानी इलाके कोहरे से परेशान हैं, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बर्फ गिरने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाएं और तेज होंगी. दूसरी ओर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधि देखी जा सकती है.
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों (NCR) में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है. दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है. दिल्ली का अधिकतम तापमान 21°C से 23°C और न्यूनतम तापमान 5°C से 7°C के बीच रहने का अनुमान है.
हालांकि, राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी. शुक्रवार से दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है. 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं दिन में भी कंपकंपी पैदा करेंगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.