गुवाहाटी के एक फेमस स्कूल में एक गंभीर साइबर क्राइम मामला सामने आया है. इसकी वजह से सेंट फ्रांसिस डी सेल्स (SFS) स्कूल के कुछ छात्र जांच के घेरे में आ गए हैं. आरोप है कि कुछ छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से छात्राओं और शिक्षकों की नकली (Deepfake) तस्वीरें बनाई और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर किया. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ डिजिटली छेड़छाड़ की गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम पर फैलाई गईं. इन तस्वीरों को उन लोगों की जानकारी और अनुमति के बिना बनाया और शेयर किया गया, जिनकी फोटो का इस्तेमाल किया गया था.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये तस्वीरें किसने बनाई, इन्हें कैसे फैलाया गया और क्या इन्हें पैसों के बदले किसी को दिया गया था? मामला अब असम पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच तक पहुंच चुका है. अधिकारी मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और ऑनलाइन चैट की जांच कर रहे हैं. स्कूल प्रशासन ने 12 जून को इस घटना की जानकारी दी. स्कूल ने तुरंत मामले को अपनी आंतरिक समितियों के पास भेजा, जिसमें चाइल्ड एब्यूज मॉनिटरिंग कमेटी (CAMC) भी शामिल है. स्कूल ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है और संबंधित अभिभावकों से भी बातचीत की गई है.
जांच पूरी होने तक मामले से जुड़े छात्रों को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है. स्कूल ने कहा है कि जांच के बाद नियमों और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्कूल ने साफ कहा है कि वह साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, डिजिटल प्लेटफॉर्म के गलत इस्तेमाल और ऐसी किसी भी गतिविधि को बिल्कुल स्वीकार नहीं करेगा, जिससे छात्रों या शिक्षकों की सुरक्षा, सम्मान और निजता को नुकसान पहुंचे.
इस घटना ने AI और डीपफेक तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ऐसी तकनीक का गलत उपयोग किसी व्यक्ति की छवि, मानसिक शांति और निजी जीवन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है, खासकर जब बच्चे इसका शिकार बनते हैं. इस मामले से एक बड़ी सीख मिलती है कि आज के डिजिटल समय में हमें तकनीक का इस्तेमाल बहुत जिम्मेदारी से करना चाहिए. बच्चों की तस्वीरें ऑनलाइन शेयर करते समय सावधानी रखनी चाहिए और छात्रों को भी साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक करना जरूरी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.