
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Air India Flight Bomb Threat News: एअर इंडिया की फ्लाइट के बाद सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट और मुंबई-हावड़ा मेल भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सबसे पहले सोमवार को मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी. आनन-फानन में प्लेन को दिल्ली की तरफ मोड़ा गया और दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. इंडिगो प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई से जेद्दाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 56 को बम की धमकी मिली. प्रोटोकॉल के अनुसार, विमान को एक अलग जगह पर ले जाया गया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, अनिवार्य सुरक्षा जांच तुरंत शुरू की गई.
इसी बीच मुंबई-हावड़ा मेल में भी धमाके की धमकी मिली. मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि मुंबई-हावड़ा मेल को टाइमर बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. सुबह करीब 4:00 बजे ऑफ-कंट्रोल को यह संदेश मिला. ट्रेन नंबर 12809 को जलगांव स्टेशन पर रोककर जांच की गई. इसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई.
इससे पहले धमकी के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर एअर इंडिया के विमान की तलाशी ली गई. यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. दिल्ली पुलिस ने कहा कि बम की धमकी के बाद सुरक्षा चिंता को लेकर मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया. विमान वर्तमान में आईजीआई एयरपोर्ट पर है, और यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है.
एअर इंडिया ने मीडिया स्टेटमेंट में कहा गया कि 14 अक्टूबर को मुंबई से जेएफके के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एआई119 को विशेष सुरक्षा अलर्ट मिला और सरकार की सुरक्षा नियामक समिति के निर्देश पर उसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया. सभी यात्री उतर चुके हैं और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल पर हैं.
एअर इंडिया ने कहा कि इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण हमारे मेहमानों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए ग्राउंड पर हमारे सहकर्मी काम कर रहे हैं. एअर इंडिया अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देती है.
दो दिन पहले ही एअर इंडिया का एक विमान बड़े हादसे का शिकार होने से बचा था. तिरुचिरापल्ली से शारजाह जा रहे एक विमान की हाइड्रॉलिक प्रणाली में, शुक्रवार शाम उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई थी. इसके बाद सुरक्षित लैंडिंग से पहले ईंधन व भार कम करने के लिए आसमान में काफी देर तक विमान को चक्कर लगाना पड़ा.
तिरुचिरापल्ली से शाम साढ़े पांच बजे 141 यात्रियों के साथ उड़ान भरने वाला विमान रात करीब सवा आठ बजे सुरक्षित रूप से उतर गया था. उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान की हाइड्रॉलिक प्रणाली (लैंडिंग में इस्तेमाल ब्रेक, लैंडिंग गियर सहित अन्य उपकरणों को नियंत्रित करने वाली प्रणाली) में खराबी आ गई थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.