'जनता से माफी मांगे कांग्रेस...', ‘वंदे मातरम्’ पर सियासी संग्राम तेज, जानें अलवर में क्या कुछ बोले अमित शाह

Written By: Tanuja Joshi Updated by: Tanuja Joshi
Updated Date:August 16, 2026 1:48 PM IST

राजस्थान दौरे पर अमित शाह ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और माफी की मांग की. इसी बीच अलवर में उनके कार्यक्रम से पहले विरोध की तैयारी कर रहे कुछ छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया.

Amit Shah on Congress: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाया. शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय गीत के प्रति कांग्रेस का रवैया आपत्तिजनक था और पार्टी को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. उनका यह बयान कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम्’ के गायन से जुड़े एक वीडियो को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच आया है. बीजेपी नेताओं ने वीडियो को आधार बनाकर कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रीय गीत के प्रति अनादर का आरोप लगाया है. कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सोनिया गांधी की गतिविधि का गीत के प्रति अनादर से कोई संबंध नहीं था और वह कार्यक्रम में गायन की व्यवस्था को लेकर ध्यान दे रही थीं.

Advertising
Advertising

विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम्’ का गायन हो रहा था. सामने आए दृश्यों को लेकर बीजेपी ने आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता उस दौरान आपस में बातचीत करते नजर आए. बीजेपी नेताओं ने इसे राष्ट्रीय गीत का अपमान बताया और कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज कर दिया. अमित शाह ने भी अपने राजस्थान दौरे के दौरान इसी मुद्दे को उठाया. वहीं कांग्रेस की ओर से कहा गया कि पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. पार्टी के अनुसार सोनिया गांधी कार्यक्रम में गीत के सही तरीके से प्रस्तुत किए जाने की व्यवस्था को लेकर सक्रिय थीं. इस तरह एक कार्यक्रम का वीडियो अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच बड़े राजनीतिक मुद्दे में बदल गया है.

अमित शाह ने क्या कहा?

चित्तौड़गढ़ की सभा में अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने वोट बैंक की राजनीति के कारण वंदे मातरम्’ को भुला दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसर पर राष्ट्रीय गीत को लेकर किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए. शाह का बयान ऐसे समय आया है जब केंद्र और विपक्ष के बीच वंदे मातरम्’ को लेकर राजनीतिक बहस पहले से तेज है. संसद के हालिया मानसून सत्र के अंतिम दिन भी वंदे मातरम्’ को लेकर विशेष चर्चा हुई थी. शाह ने राजस्थान में अपने कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इस मुद्दे को राष्ट्रवाद और राजनीतिक जवाबदेही से जोड़ने की कोशिश की.

कार्यक्रम से पहले छात्रों पर एक्शन

अमित शाह के राजस्थान दौरे का दूसरा बड़ा मुद्दा अलवर से सामने आया. उनके कार्यक्रम से पहले पुलिस ने कुछ कॉलेज छात्रों को हिरासत में लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार ये छात्र शाह के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन और काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे थे. छात्रों के विरोध के पीछे कई मुद्दे बताए गए, जिनमें छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग, सड़कों की खराब स्थिति और मत्स्य विभाग से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा शामिल था. छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाने की भी योजना बनाई थी. पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले छात्रों को हिरासत में लिया, जिसे अधिकारियों की ओर से कानून-व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई बताया गया.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें