Assam CM Oath Ceremony: हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी, प्रधानमंत्री मोदी-अमित शाह भी होंगे शामिल- यहां देखें पूरा शेड्यूल

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:May 11, 2026 8:48 PM IST

Assam CM oath Ceremony: असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू होगा. वहीं, हिमंत सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

Assam CM oath Ceremony: असम में नई सरकार का मंगलवार को गठन होने जा रहा है. हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. इसके साथ ही राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू होगा. खानापारा के पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ-साथ NDA शासित राज्यों के 40 से अधिक मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के उपस्थित रहने की संभावना है.

Advertising
Advertising

कितने बजे होगा शपथ समारोह?

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर सरमा और नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. BJP नीत गठबंधन के 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में पहली बार सत्ता में आने के बाद से यह राज्य में NDA का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा. राजग में भाजपा, असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) शामिल हैं. गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट पर जीत दर्ज की. भाजपा ने अकेले 82 सीट जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया, जबकि अगप और बीपीएफ को 10-10 सीट मिलीं.

क्या सरमा के साथ नये मंत्री भी लेंगे शपथ?

सरमा के साथ ही मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों के शपथ ग्रहण करने की भी संभावना है, जिसमें सभी गठबंधन सहयोगियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. शपथ ग्रहण समारोह के बाद सरमा की नयी सरकार के पहले 100 दिन की प्राथमिकताओं को प्रस्तुत करने की उम्मीद है. इनमें भूमि अधिकारों और अतिक्रमण हटाने के अभियानों से संबंधित प्रतिबद्धताएं भी शामिल होंगी. यह प्रचंड चुनावी जीत 'पहचान, भूमि और सुरक्षा' के मुद्दों को उठाते हुए चलाए गए प्रचार अभियान के बाद मिली है.

शपथ लेने से पहले सरमा का ट्वीट

सरमा पहले ही कह चुके हैं कि नई सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी और असम को प्रगति की दिशा में ले जाएगी. उन्होंने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में इसी बात को दोहराते हुए लिखा, 'असम की भूमि, पहचान और भविष्य पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता. 1.5 लाख बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के बाद, राजग असम के लोगों के लिए पांच लाख बीघा और भूमि वापस दिलाने के दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, क्योंकि हमारे लिए जाति, माटी, बेटी सर्वोपरि हैं.'

प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक ध्रुवज्योति मारल ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि सभी 126 निर्वाचन क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा रहा है और इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'कार्यक्रम स्थल पर तीन मंच होंगे. शपथ ग्रहण समारोह मुख्य मंच पर होगा, जहां प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल, नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बैठेंगे. हमें उम्मीद है कि कम से कम छह केंद्रीय मंत्री, 20 मुख्यमंत्री और 23 उपमुख्यमंत्री उपस्थित हो सकते हैं.'

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें