Assembly Election Results 2023: 12 राज्यों में भाजपा की सत्ता, तीन में सिमटी कांग्रेस

चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में से तीन राज्यों में जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी फिर से 12 राज्यों में काबिज हो गई है. जबकि कांग्रेस तीन राज्यों में ही सिमट गई है.

Published: December 4, 2023, 9:48 AM IST

Assembly Election Results 2023: चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में से तीन में स्पष्ट जीत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) इन राज्यों में सरकार बनाने जा रही है. भाजपा अब अपने दम पर 12 राज्यों में सत्ता में होगी, जबकि दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हारने के बाद तीन राज्यों में सिमट गई है.

भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) द्वारा शासित राज्यों में अब 543 लोकसभा सीटों में से लगभग आधी सीटें होंगी, जबकि केवल दो राज्य जहां 50 से कम लोकसभा सीटें हैं, अब उन दलों द्वारा शासित हैं जो राजग या विपक्षी दलों के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘I.N.D.I.A.’ गठबंधन के साथ नहीं हैं.

दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) राष्ट्रीय दलों में तीसरे स्थान पर है.

केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में है और अब इन चुनाव परिणामों के बाद वह मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने में कामयाब हो गई है, जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से सत्ता छीन ली है.

इनके अलावा, भाजपा चार राज्यों – महाराष्ट्र, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है.

कांग्रेस अब अपने दम पर तीन राज्यों – कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में ही सत्ता में बची है. तेलंगाना में कांग्रेस ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) को हराकर जीत हासिल की है. हालांकि, कांग्रेस की इस जीत ने भाजपा के लिए दक्षिण के सभी दरवाजों को बंद कर दिया है.

कांग्रेस बिहार और झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है. तमिलनाडु में शासन करने वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की वह सहयोगी है, लेकिन राज्य की सत्ता में उसकी कोई दखल नहीं हैं यानी वह सरकार की हिस्सेदार नहीं है.

नतीजों ने एक प्रमुख विपक्षी दल के रूप में आम आदमी पार्टी की स्थिति को मजबूत किया है. वह उत्तर भारत के दो राज्यों में सरकार के साथ दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बन गई है, क्योंकि यहां पर कांग्रेस की हिस्सेदारी में गिरावट आई है.

AAP नेता जैस्मीन शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘आज के परिणामों के बाद, आम आदमी पार्टी दो राज्य सरकारों – पंजाब और दिल्ली के साथ उत्तर भारत में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी है.’’

वर्तमान में भारत में छह राष्ट्रीय दल – भाजपा (BJP), कांग्रेस (Congress), बहुजन समाज पार्टी (BSP), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM), नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) और आप (AAP) हैं.

विधानसभा चुनाव का अगला दौर 2024 में होगा जब सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चुनाव होंगे. जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव लंबित हैं.

इस दौर में कई मौजूदा सांसदों ने विधानसभा चुनाव लड़ा है. इसलिए लोकसभा की जो सीटें खाली होंगी उन पर चुनाव की संभावनाएं नहीं. चूंकि आम चुनाव अगले साल होने हैं, जिनमें 6 महीने का ही समय बचा है. इसलिए विधायक के रूप में चुने जाने पर सांसदों के सीट खाली करने पर भी कोई उपचुनाव नहीं होगा.

(With agency inputs)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.