चुनावी रण तेज; BJP ने बंगाल में ममता के गढ़ से इस दिग्गज को मैदान में उतारा, केरल में भी 47 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी

Written By: Tanuja Joshi Updated by: Tanuja Joshi
Updated Date:March 16, 2026 5:24 PM IST

आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल और पश्चिम बंगाल के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. बीजेपी ने ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर से इस दिग्गज को मैदान में उतारा है.

Assembly Elections 2026: देश के कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केरल और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी रणनीति साफ कर दी है. इन घोषणाओं के बाद दोनों राज्यों में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.

Advertising
Advertising

केरल की बात करें तो यहां बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने इस लिस्ट में 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. इस सूची में कई बड़े और चर्चित नेताओं को भी टिकट दिया गया है. प्रमुख नामों में पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन और राज्य बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर शामिल हैं. राजीव चंद्रशेखर को तिरुवनंतपुरम जिले की नेमोम विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है. नेमोम सीट बीजेपी के लिए काफी अहम मानी जाती है और पार्टी यहां बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है.

बीजेपी ने नव्या हरिदास को भी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया है. नव्या हरिदास इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव में वायनाड सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ चुनाव लड़ चुकी हैं, हालांकि उन्हें उस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. अब पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में मौका देकर एक बार फिर मैदान में उतारा है.

BJP की ममता बनर्जी को सीधी टक्कर

दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी ने बड़ा दांव खेला है. पार्टी ने अपने प्रमुख नेता सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ माने जाने वाले भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है. ये सीट ममता बनर्जी के लिए काफी अहम मानी जाती है और यहां से मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर से उतारकर बीजेपी ने सीधे ममता बनर्जी को चुनौती देने की कोशिश की है. इससे राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ सकता है और चुनावी मुकाबला काफी कड़ा हो सकता है.

दरअसल, चुनाव आयोग ने बीते दिन यानी रविवार (15 मार्च, 2026) को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा भी कर दी थी. केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी. वहीं, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें