सड़क से गुजर रही थी गाड़ियां अचानक होने लगी पत्थरों की बारिश, हाइवे पर कार छोड़ भागे लोग | देखें Video

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:January 2, 2026 9:44 PM IST

Baramulla Landslide: बारामूला में NH-1 पर अचानक भूस्खलन से हाईवे बंद हो गया. मलबा गिरते ही अफरा-तफरी मच गई.

J&K News: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में श्रीनगर–बारामूला–उरी नेशनल हाईवे (NH-1) पर अचानक भूस्खलन हो गया. यह घटना उरी के पास उस समय हुई, जब हाईवे पर कई वाहन मौजूद थे. पहाड़ का एक हिस्सा अचानक खिसक गया और भारी मात्रा में मलबा सीधे सड़क पर आ गिरा. देखते ही देखते हाईवे पर यातायात पूरी तरह रुक गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में आ गए.

Advertising
Advertising

वीडियो में दिखा डरावना नजारा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहाड़ों से बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी नीचे गिर रहे हैं. मलबा गिरते ही हाईवे पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए. कुछ वाहन तो मलबे के बेहद करीब थे. जैसे ही पत्थर गिरने लगे, वहां मौजूद लोग घबराकर अपनी गाड़ियों से बाहर निकल आए और सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जान-माल का नुकसान नहीं

इस भूस्खलन की घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है. उस समय हाईवे पर कई वाहन मौजूद थे, लेकिन समय रहते लोगों ने गाड़ियों से उतरकर अपनी जान बचा ली. प्रशासन के अनुसार, अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया.

देखें वीडियो

हाईवे बंद, मलबा हटाने का काम शुरू

भूस्खलन के बाद एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है. प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है. भारी मशीनों की मदद से सड़क को साफ करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मौसम और पहाड़ी स्थिति को देखते हुए पूरी जांच के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा.

पहाड़ी इलाकों में खतरा, सतर्क रहने की सलाह

जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं आम हैं, खासकर बारिश और मौसम बदलने के दौरान. प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे पहाड़ी रास्तों पर सफर करते समय सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें. मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की गई है. फिलहाल हालात पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें