
Sunil Sirij
Sunil Sirij is Editor- India.Com Hindi and India.Com Marathi. He has over 19 years of experience in journalism. After obtaining PG Diploma from IIMC, Delhi, he started his career from ... और पढ़ें
PM Narendra Modi’s Independence Day Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लगातार छठी बार लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया. 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने दूसरी बार सत्ता संभालने के 10 हफ्तों के भीतर लिए गए बड़े फैसलों का जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के 70 दिनों के भीतर संसद के दोनों सदनों ने अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने का निर्णय का अनुमोदन कर दिया. जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के सरकार के फैसले पर प्रधानमंत्री ने कहा कि हम समस्यों को न टालते हैं, न पालते हैं. अब समस्याओं को टालने और पालने का समय नहीं है.
अनुच्छेद 370 को हटाए जाने पर प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने सरदार पटेल के सपने को साकार किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि 70 साल में जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन को लेकर हर सरकार ने कुछ न कुछ प्रयास किया, लेकिन इच्छा के अनुरूप परिणाम नहीं मिले. पीएम मोदी ने कहा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सपनों को पंख लगे, यह हम सबकी जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा, ‘जो लोग अनुच्छेद 370 की वकालत कर रहे हैं, उनसे देश पूछ रहा है कि अगर यह इतना महत्वपूर्ण था, तो इसे आप लोगों ने स्थायी क्यों नहीं किया, अस्थायी क्यों बनाए रखा ?’ उन्होंने कहा, ‘नई सरकार को 10 हफ्ते भी नहीं हुए हैं, लेकिन इस छोटे से कार्यकाल में सभी क्षेत्रों में हर प्रयास को बल दिए गए हैं, हम पूरे समर्पण के साथ सेवारत हैं.’
पीएम मोदी ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया गया और आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ने के लिए आतंकवाद विरोधी कानून में संशोधन किया गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आबादी नियंत्रण के लिये छोटे परिवार पर जोर दिया और कहा कि आबादी समृद्ध हो, शिक्षित हो तो देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता. उन्होंने कहा कि जीएसटी ने ‘एक देश, एक टैक्स’ के सपने को सच किया, भारत ने ऊर्जा के क्षेत्र में ‘एक देश, एक ग्रिड’ की उपलब्धि भी हासिल की है. मोदी ने कहा कि अब चर्चा एक देश एक चुनाव को लेकर है, यह देश को महान बनाने के लिए अनिवार्य है.
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कालाधन समाप्त करने के लिये उठाये गए हर कदम स्वागत योग्य हैं. इन समस्याओं के कारण देश को पिछले 70 साल में काफी नुकसान हुआ, हम हमेशा ईमानदारी को पुरस्कृत करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आज देश में 21वीं सदी की आवश्यकता के मुताबिक आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण हो रहा है. देश के बुनियादी ढांचे के निर्माण पर 100 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने का फैसला किया गया है.’
पीएम मोदी ने कहा- आज सामान्य नागरिक सिर्फ रेलवे स्टेशन से संतुष्ट नहीं है, वो पूछता है ‘वंदे भारत’ कब आएगा. आधुनिक स्टेशन तो ठीक है, लेकिन हवाई अड्डा कब आएगा? पहले पक्की सड़क के बारे में पूछता था तो अब पूछता है – 4 लेन बनेगा या 6 लेन? पहले बिजली के खंभे आते थे, अब लोग पूछते हैं कि 24 घंटे बिजली कब आएगी? पहले मोबाइल फोन से संतुष्टि थी तो आज पूछता है डेटा की स्पीड क्या है? बदलते वक्त और मिजाज़ को समझना होगा और आधुनिकता की तरफ आगे बढ़ना होगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.