
Anjali Karmakar
अंजलि कर्मकार 12 साल से जर्नलिज्म की फील्ड में एक्टिव हैं. उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया है. यहीं से मास कॉम में मास्टर्स की डिग्री ली ... और पढ़ें
बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होनी है. फिलहाल नॉमिनेशन का प्रोसेस चल रहा है. इसके साथ ही तमाम उम्मीदवारों की प्रॉपर्टी और मुकदमों की जानकारी सामने आ रही है. लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को नॉमिनेशन फाइल किया. कुछ विवादों के चलते राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संस्थापक लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाल दिया था. इसके बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल नाम से नई पार्टी बनाई. अब वैशाली की महुआ सीट से चुनावी मैदान में हैं. तेज प्रताप भले ही घर से निकाले गए हों, लेकिन उनके पास संपत्ति की कोई कमी नहीं है. वह कुल 2.88 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.
आइए जानते हैं तेज प्रताप ने अपने एफिडेविट में क्या-क्या जानकारी दी हैं:-
कितना पढ़े लिखे हैं तेज प्रताप?
तेज प्रताप यादव ने जो एफिडेविट दिया है, उसके मुताबिक वो बस 12वीं पास हैं. उन्होंने साल 2010 में इंटरमीडिएट पास किया है. तेज प्रताप ने 2010 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है.
तेज प्रताप के पास कुल कितनी संपत्ति?
नॉमिनेशन के समय दाखिल किए गए हलफनामे (Affidavit) के मुताबिक, तेज प्रताप के पास कुल 2.88 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है. इसमें चल (Movable) संपत्ति 91,65,629.49 रुपये और अचल (Immovable) संपत्ति 1,96,47,914 रुपये है. यानी उनकी कुल संपत्ति 2 करोड़ 88 लाख 13 हजार 543 रुपये और 49 पैसे हुई.
कितना कर्ज और कितनी इनकम?
एफिडेविट के मुताबिक, तेज प्रताप ने कोई देनदारियां नहीं दिखाई है. यानी उनके ऊपर कोई कर्ज या लाइबिलिटी नहीं है. इनकम की बात करें तो उन्होंने फाइनेंशियल ईयर 2024-25 के लिए 22 लाख 93 हजार 254 रुपये की इनकम दिखाई है. इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 10(17) के तहत ये इनकम टैक्स फ्री है.
गाडियों के शौकीन
तेज प्रताप गाड़ियों के भी शौकीन हैं. उनके पास 6.85 लाख रुपये की बाइक, BMW, स्कोडा और अमेज जैसी कारें हैं.
कितना सोना?
तेज प्रताप के पास 200 ग्राम सोना भी है. इसके अलावा उनके पास कुछ सिल्वर जूलरी भी है. कई जिलों में उनकी जमीनें भी हैं.
तेज प्रताप पर कुल 22 केस दर्ज
तेज प्रताप यादव पर कुल 22 केस दर्ज हैं. इनमें 8 क्रिमिनल केस हैं. फिलहाल ये मामले कोर्ट में पेंडिंग हैं. इन मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराएं शामिल हैं, जैसे: धारा 147, 149, 188, 307, 333, 353, 427, 504. इसके अलावा उनके खिलाफ SC/ST Act और Epidemic/Disaster Management Act की धाराओं में भी केस दर्ज है.
छोटे भाई तेजस्वी के पास कितनी प्रॉपर्टी?
तेज प्रताप के छोटे भाई तेजस्वी यादव 6 करोड़ के मालिक हैं, जबकि उनके दोनों बच्चे लखपति हैं. पत्नी राजश्री के पास 59 लाख 69 हजार 286 रुपये और बेटी कात्यायनी आयरिश यादव के पास 31 लाख 70 हजार 649 रुपये हैं. वहीं, 6 महीने के बेटे ईराज लालू यादव के पास 8 लाख 99 हजार की संपत्ति बताई गई है. इसके अलावा खरीद बिक्री में 34 लाख 60 हजार 200 रुपये हैं. तेजस्वी के पास कोई कार नहीं है.
महुआ सीट पर कब है वोटिंग?
वैशाली की महुआ सीट पर पहले फेज में यानी 6 नवंबर को वोटिंग होनी है. नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
महुआ सीट पर किनसे होगा मुकाबला?
महुआ सीट तेज प्रताप यादव के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि यहीं से उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी. 2015 में RJD के टिकट पर उन्होंने इस सीट से जीत हासिल की थी. उन्हें 66 हजार से अधिक वोट मिले थे. इस बार महुआ से ही दोबारा चुनाव मैदान में उतरकर तेज प्रताप अपने पुराने गढ़ को फिर से फतह करने की कोशिश में हैं. हालांकि, इस बार उनके सामने RJD के आधिकारिक उम्मीदवार और वर्तमान विधायक मुकेश रोशन के साथ-साथ NDA के घटक दल LJP (R) के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह भी मैदान में हैं. ऐसे में मुकाबला दिलचस्प और कड़ा माना जा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.