
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल प्रभारी और वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सरकार पश्चिम बंगाल में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा नहीं कर सकेगी. तय समय-सीमा से पहले ही ममता बनर्जी की सरकार गिर जाएगी. विजयवर्गीय का दावा है कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के विधायक विद्रोह कर पार्टी छोड़ देंगे. इस कारण ममता सरकार अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही गिर जाएगी. भाजपा के बंगाल प्रभारी का यह दावा ऐसे समय में किया गया है जब लोकसभा चुनाव के बाद भी बंगाल में हिंसा का दौर जारी है. ‘जयश्री राम’ बोलने को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आए दिन संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं.
ममता बनर्जी का हमला, कहा- ‘जय श्री राम’ के नारे से धर्म और राजनीति को मिला रही है BJP
मध्यप्रदेश से ताल्लुक रखने वाले भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए साक्षात्कार में बंगाल की ममता सरकार के समय से पहले ही गिरने के दावे किए हैं. ममता बनर्जी द्वारा ‘जयश्री राम’ बोलने पर भाजपा के राजनीति करने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री लोकसभा चुनाव के परिणामों से हतोत्साहित हो गई हैं. इसलिए जयश्री राम को लेकर उग्र प्रतिक्रिया दे रही हैं. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में भाजपा के 3 कार्यकर्ताओं की उस वक्त हत्या कर दी गई जब वे लोकसभा चुनाव में मिली जीत का जश्न मना रहे थे. ममता बनर्जी चुनाव के परिणामों से हतोत्साहित हो गई हैं, इसलिए जयश्री राम का नारा सुनकर उत्तेजित हो जाती हैं. कोई अगर उनके सामने इसका जाप करता है तो वह तीखी प्रतिक्रिया देती हैं. वह जयश्री राम बोलने वालों को धमकाती हैं. यह समझ से परे है कि जयश्री राम जैसा धार्मिक मंत्र किसी के लिए गाली कैसे हो सकता है. अगर ममता बनर्जी को ऐसा लगता है, तो इस देश के लोग जल्द ही उनका भविष्य तय करने वाले हैं.’
पश्चिम बंगाल: मोदी के शपथ ग्रहण की खुशी में झंडे लगा रहे रहे बीजेपी कार्यकर्ता का मर्डर
बंगाल में दूसरे प्रदेशों के लोगों को लाकर यहां का माहौल खराब करने संबंधी ममता बनर्जी के आरोपों का भी विजयवर्गीय ने जवाब दिया. अखबार के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में बांग्लादेश से आए अवैध घुसपैठियों ने जगह बना ली है. डेढ़ करोड़ से ज्यादा अवैध बांग्लादेशी हमारे देश में विभिन्न राज्यों में जाकर बसे हुए हैं. बंगाल में ही अवैध रोहिंग्या शरणार्थियों ने घुसपैठ की है. ममता बनर्जी को इन घुसपैठियों से कोई तकलीफ नहीं होती है. ये घुसपैठिये देशवासियों के अधिकारों का हनन करते हैं. उनके हक और अधिकार पर बराबरी का दावा करते हैं. इससे पूरे देश में नाराजगी है. बंगाल के लोगों में भी अवैध घुसपैठियों के खिलाफ गुस्सा है. लोग इसके बारे में बातें कर रहे हैं, लेकिन ममता बनर्जी इससे बेखबर है.’ भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोपों से ममता के इनकार पर विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी अपराधियों को संरक्षण दे रही है.
तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह और ममता सरकार के कार्यकाल पूरा करने से पहले गिर जाने के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि ममता बनर्जी की कार्यशैली से उनकी पार्टी में नाराजगी है. बंगाल भाजपा प्रभारी ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता हमारे संपर्क में हैं. वे ममता बनर्जी की कार्यशैली और अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को पार्टी में आगे बढ़ाने से नाराज हैं. इस कारण तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह की स्थिति आने वाली है. ममता के खिलाफ नाराजगी की वजह से बड़ी संख्या में तृणमूल विधायक आने वाले दिनों में पार्टी छोड़ने वाले हैं, जिसकी वजह से ममता सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सकेगी.’ पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के मुद्दे पर भाजपा की कार्ययोजना के बारे में विजयवर्गीय ने कहा कि राज्य की सबसे बड़ी समस्या कानून-व्यवस्था की है. यहां विकास के काम रुके हुए हैं. ऐसे में जनता भी बदलाव चाहती है और भाजपा इसे पूरा करने में सक्षम है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.