By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- India Hindi
- Bjp Operating Operation Lotus 3 Congress Mlas Camping In Mumbai Hotel Karnataka Minister Dk Shivkumar
संकट में है कर्नाटक सरकार? मंत्री ने बीजेपी पर लगाया ‘ऑपरेशन लोटस चलाने का आरोप
जल संसाधन मंत्री डी के. शिवकुमार का कहना है कि कांग्रेस के तीन विधायक मुंबई के एक होटल में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ डेरा डाले हुए है.
नई दिल्ली: कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डी के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि राज्य की गठबंधन (कांग्रेस- जेडीएस) सरकार को गिराने के लिए भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ वास्तव में चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के तीन विधायक मुंबई के एक होटल में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ डेरा डाले हुए है. कांग्रेस नेता शिवकुमार ने कहा, ‘राज्य में विधायकों की खरीद फरोख्त जारी है. हमारे तीन विधायक भाजपा के कुछ विधायकों और नेताओं के साथ मुंबई के एक होटल में हैं. वहां क्या कुछ हुआ है उन्हें कितनी रकम की पेशकश की गई है, उससे हम अवगत हैं.
गौरतलब है कि 2008 में कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा नीत सरकार की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा द्वारा कई विपक्षी विधायकों को कथित प्रलोभन दिए जाने को ‘ऑपरेशन लोटस’ के नाम से जाना जाता है. शिवकुमार ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पर भाजपा के प्रति उदार होने आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘हमारे मुख्यमंत्री भाजपा के प्रति कुछ उदार हैं. चल रही साजिश से सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है. उन्होंने सिद्धरमैया को भी इस बारे में बताया है. शिवकुमार ने कहा, ‘मुख्यमंत्री इंतजार करो और देखो की नीति अपना रहे हैं. यदि मैं उनकी जगह होता तो इसका 24 घंटे के अंदर खुलासा कर देता.
हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा अपनी कोशिश में सफल नहीं होगी. उन्होंने राज्य में विपक्षी भाजपा का संभवत: जिक्र करते हुए कहा, ‘आप कह रहे हैं कि मकर सक्रांति के बाद एक क्रांति होगी. चलिए देखते हैं. गौरतलब है कि राज्य में कांग्रेस के कई विधायकों ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं ने अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए उनसे संपर्क किया है. वहीं, भगवा दल ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है.
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के एक कथित बयान का जिक्र किया था जो उनके क्लर्क की तरह काम करने के बारे में था. मोदी ने कहा, ‘अभी कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन वह (कुमारस्वामी) इतने चिंतित हैं कि वह कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री (की तरह बर्ताव किए जाने) के बजाय उनके साथ क्लर्क जैसा व्यवहार किया जा रहा है. मीडिया में आई खबरों के मुताबिक कुमारस्वामी ने पार्टी विधायकों की हालिया बैठक में उनसे कहा था कि वह दबाव में काम कर रहे हैं. खबरों में यह भी कहा गया था कि मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वह एक क्लर्क की तरह काम कर रहे हैं और जेडीएस के साथ गठबंधन में साझेदार कांग्रेस पर दखलंदाजी का आरोप लगाया था.
प्रधानमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए जेडीएस सुप्रीमो एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने कहा, ‘तो क्या वह गठबंधन सरकार की सराहना करेंगे और आलोचना नहीं करेंगे?’ उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी के बारे में हल्के फुल्के अंदाज में नहीं बोलना चाहिए. प्रदेश कांग्रेस ने कन्नड़ में ट्वीट कर मोदी पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आदरणीय नरेंद्र मोदी आपने लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री को एक क्लर्क कहा. वहीं, कर्नाटक भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी और जगदीश शेट्टार ने मोदी की टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा कि वह सिर्फ कुमारस्वामी को उद्धृत कर रहे थे.
(इनपुट-भाषा)
Also Read:
-
Bengal Elections: बंगाल की 142 सीटों पर वोटिंग आज, भबानीपुर में ममता और सुवेंदु का 'सुपरहिट' मुकाबला
-
बंगाल में SIR पर बंटेंगे वोटर्स या 'दीदी' पर इसबार भी लुटाएंगे 'ममता'? समझिए दूसरे फेज की सीटों का सियासी गुणा-गणित
-
Bengal Elections : भबानीपुर से लेकर पानीहाटी तक... दूसरे फेज की वो 10 VIP सीटें, जिनपर रहेगी सबकी निगाह
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें