TMC का 'सेफ गढ़' भी ढहा! फालता में BJP की जीत ने ममता के सबसे मजबूत किले में कर दी बड़ी सेंध, ये हैं बड़े कारण
पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की जीत ने टीएमसी को बड़ा झटका दिया है. जिस सीट को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां हार ने पार्टी की संगठनात्मक ताकत और वोट बैंक पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल की राजनीति में फाल्टा विधानसभा सीट (Falta Assembly Elections) का नतीजा केवल एक चुनावी हार-जीत नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे राज्य की बदलती राजनीतिक हवा का बड़ा संकेत बताया जा रहा है. लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस (TMC) का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा की जीत ने ममता बनर्जी की पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है.
फालता सीट दक्षिण 24 परगना जिले के उस इलाके में आती है जिसे 'डायमंड हार्बर मॉडल' का हिस्सा माना जाता रहा है. ये इलाका टीएमसी नेतृत्व के प्रभाव वाला क्षेत्र समझा जाता था, जहां पार्टी लगातार मजबूत प्रदर्शन करती रही थी, लेकिन इस बार के उपचुनाव ने पूरे समीकरण बदल दिए. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस हार का सबसे बड़ा असर मनोवैज्ञानिक स्तर पर होगा.
बंगाल में बदल रहा वोटरों का रुझान
फालता सीट पर टीएमसी ने 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीत दर्ज की थी. यहां पार्टी का वोट प्रतिशत भी काफी मजबूत रहा था. ऐसे में बीजेपी का यहां जीतना ये दिखाता है कि बंगाल में वोटरों का रुझान तेजी से बदल रहा है. इस चुनाव की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए भी हुई क्योंकि पहले चरण का मतदान चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया था. चुनाव आयोग ने कथित गड़बड़ी और ईवीएम से जुड़ी शिकायतों के बाद दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था. इस पूरे विवाद ने टीएमसी की छवि को नुकसान पहुंचाया और विपक्ष को सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल गया.
जहांगीर खान ने वापस लिया था नाम
स्थिति तब और ज्यादा असहज हो गई जब पुनर्मतदान से ठीक पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने सक्रिय प्रचार से खुद को अलग कर लिया. उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा कि वह इलाके में शांति चाहते हैं और विकास के मुद्दों पर बीजेपी सरकार के फैसलों का समर्थन करते हैं. हालांकि, टीएमसी ने इसे उनका निजी फैसला बताया, लेकिन इस बयान ने पार्टी के अंदरूनी हालात को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए.
बीजेपी ने इस चुनाव को केवल स्थानीय लड़ाई नहीं रहने दिया. पार्टी ने इसे 'परिवर्तन' और 'डर खत्म होने' का प्रतीक बताकर बड़े स्तर पर प्रचार किया. बीजेपी नेताओं का दावा है कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में लोगों ने खुलकर वोट डाला और पहली बार टीएमसी के मजबूत गढ़ में बदलाव दिखाई दिया. एक्सपर्ट्स के मुताबिक फाल्टा का परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले टीएमसी के लिए चेतावनी की तरह है.
पार्टी को अब अपने संगठन, स्थानीय नेतृत्व और वोटरों के भरोसे पर दोबारा काम करना पड़ सकता है. वहीं, बीजेपी इस जीत को बंगाल में अपने विस्तार के संकेत के रूप में पेश कर रही है. राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो ये नतीजा सिर्फ एक सीट की हार नहीं, बल्कि उस 'अजेय छवि' को चुनौती है जिसे टीएमसी लंबे समय से बनाए हुए थी. आने वाले महीनों में ये जीत बंगाल की राजनीति को और ज्यादा गर्मा सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें