अब इस शहर में शुक्रवार को नहीं चलेंगी कारें, 'No Car Day' होगा ये दिन- जानें क्यों लिया गया फैसला

मुंबई के BKC में 12 जून से हर शुक्रवार 'पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे' मनाया जाएगा. कर्मचारियों को प्राइवेट कारों की जगह ट्रेन, मेट्रो और बस से आने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक और प्रदूषण कम किया जा सके.

Written by: Tanuja Joshi
Published: June 8, 2026, 6:43 PM IST

Mumbai New Rules: मुंबई के प्रमुख कारोबारी केंद्र बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए एक अनोखी पहल शुरू होने जा रही है. 12 जून से हर शुक्रवार BKC में ‘पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे’ मनाया जाएगा, जिसके तहत कर्मचारियों को प्राइवेट कारों के बजाय ट्रेन, मेट्रो और बस जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.

ये पहल मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) की तरफ से शुरू की जा रही है. इसमें BEST, मुंबई मेट्रो, ट्रैफिक पुलिस, ऑटो यूनियनों और कई निजी कंपनियों का सहयोग भी शामिल है. बताया जा रहा है कि BKC में स्थित लगभग 90 कंपनियों ने इस योजना को मंजूरी दे दी है.

आखिर शुक्रवार ही क्यों चुना गया?

अधिकारियों का मानना है कि हफ्ते के अंतिम कार्यदिवस पर कर्मचारियों के काम का दबाव कम रहता है. ऐसे में लोग नए यात्रा विकल्प अपनाने के लिए अधिक तैयार रहते हैं. दूसरी तरफ सोमवार को कर्मचारियों पर समय पर दफ्तर पहुंचने का दबाव ज्यादा होता है, इसलिए उस दिन इस तरह का प्रयोग करना कठिन माना गया.

BKC में क्या है सबसे बड़ी समस्या?

BKC देश के सबसे व्यस्त कॉर्पोरेट जिलों में से एक है, जहां रोजाना करीब दो लाख लोग काम करने पहुंचते हैं. इनमें से बड़ी संख्या अभी भी निजी कार, टैक्सी या ऑटो का इस्तेमाल करती है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ की समस्या बताई जा रही है.

मेट्रो या लोकल ट्रेन से BKC पहुंचने के बाद दफ्तर तक पहुंचना कई कर्मचारियों के लिए चुनौती बन जाता है. साझा ऑटो, फीडर बस और पैदल मार्गों की कमी के कारण लोग निजी वाहन चुनना ज्यादा सुविधाजनक समझते हैं.

सर्वे में क्या सामने आया?

हाल ही में किए गए सर्वेक्षण में पता चला कि यदि सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ज्यादा सुविधाजनक और भरोसेमंद हों तो 82 प्रतिशत कर्मचारी निजी वाहन छोड़ने के लिए तैयार हैं. हालांकि, मौजूदा व्यवस्था में बसों की कम आवृत्ति, पैदल यात्रियों के लिए सीमित सुविधाएं और मेट्रो स्टेशनों से कार्यालयों तक सीधा संपर्क न होना बड़ी बाधाएं हैं.

क्या बदलाव किए जाएंगे?

योजना को सफल बनाने के लिए कई सुधार प्रस्तावित किए गए हैं. इनमें BEST बसों की संख्या बढ़ाना, उनकी फ्रीक्वेंसी कम करना, पैदल यात्रियों के लिए बेहतर रास्ते बनाना और मेट्रो स्टेशनों से ऑफिस क्षेत्रों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है. इसके अलावा, BKC में छायादार पैदल मार्ग विकसित करने और हरियाली बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि गर्मी और बारिश के दौरान लोगों को चलने में परेशानी न हो.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.