Bus Falls Into Ditch 8 People Killed In Shimla Himachal Pradesh
हिमाचल में भीषण सड़क हादसा, शिमला से कुपवी जा रही बस खाई में गिरी, 14 की दर्दनाक मौत
हिमाचल प्रदेश में शिमला से कुपवी जा रही एक बस खाई में जा गिरी. हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि की जा रही है और 50 से अधिक घायल हैं. खबर में जानते हैं ये हादसे कैसे हुआ?
हिमाचल प्रदेश में आज यानी 9 जनवरी को एक बड़ा बस हादसा हो गया. दरअसल, शिमला से कुपवी जा रही एक बस हरिपुरधार के पास गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि की जा रही है, जबकि कई यात्री घायल बताए गए. जानकारी के अनुसार, बस में 60 से ज्यादा लोग सवार थे और हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और लोगों को बस से बाहर निकालने की कोशिश की.
60 मीटर नीचे खाई में लुढ़की बस
बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट बस जीत कोच हरिपुरधार बाजार से ठीक पहले अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 60 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई. यह बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस खचाखच भरी हुई थी जिससे नुकसान और भी ज्यादा हुआ.
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल सभी यात्रियों को पहले हरिपुरधार के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया. दूसरी तरफ, स्थानीय अस्पताल में जरूरी सुविधाओं की कमी को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि इस अस्पताल को पहले ऊपरी अस्पताल का दर्जा मिला हुआ था, लेकिन सरकार द्वारा इसे डिनोटिफाई कर दिए जाने के कारण यहां पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं.
प्रशासन और सरकार अलर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही सिरमौर के एसपी निश्चित सिंह नेगी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया. वहीं, सुक्खू सरकार में मंत्री और शिलाई से विधायक हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और पांच घायलों को रेफर किया गया है. जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.
नेताओं ने जताया शोक
रेणुकाजी से कांग्रेस विधायक और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने हादसे को दुखद बताते हुए प्रशासन से तुरंत राहत पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी घटनास्थल पर पहुंचकर मदद करने का आग्रह किया. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा व्यक्त किया है. सभी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.