उत्तराखंड के चमोली में टनल धंसी, हादसे के बाद कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका, रेस्कयू में जुटी टीम

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:August 13, 2026 9:07 PM IST

उत्तराखंड के चमोली में पीपलकोटी की निर्माणाधीन टनल अचानक धंस गई. हादसे के समय अंदर मजदूर मौजूद थे. कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.

उत्तराखंड के चमोली जिले में टनल के अंदर पानी का तेज बहाव आने से बड़ा हादसा हो गया. पीपलकोटी इलाके में एचसीसी (हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी) की निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी और मलबा आने से अंदर काम कर रहे मजदूरों के लिए मुश्किल स्थिति बन गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे के समय टनल के अंदर कुल 22 मजदूर काम कर रहे थे. पानी का बहाव बढ़ने के बाद कई मजदूरों के अंदर फंसने की आशंका जताई गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

Advertising
Advertising

कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि टनल में मौजूद मजदूरों को बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. इनमें से दो मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है. वहीं, अन्य घायलों और प्रभावित लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए अतिरिक्त एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं. प्रशासन की टीमें टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं.

पानी भरने से बढ़ी परेशानी

पुलिस के मुताबिक टनल के अंदर अचानक पानी भरने की वजह से बचाव अभियान में परेशानी आ रही है. तेज पानी के बहाव के कारण अंदर मौजूद मजदूरों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं. राहत और बचाव का काम लगातार जारी है. मौके पर मौजूद टीमें हालात का जायजा लेते हुए टनल के अंदर जाने और फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. प्रभावित मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

सीएम धामी ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव का काम तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी NDRF और राज्य आपदा प्रतिवादन बल यानी SDRF की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए भेजा गया है. जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने को कहा गया है.

फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश जारी

घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों को लगातार घटनास्थल से अपडेट मिल रहे हैं. राहत-बचाव दल टनल के अंदर मौजूद लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. जरूरत के हिसाब से एंबुलेंस और दूसरी मदद भी मौके पर भेजी जा रही है. चमोली में हुई इस घटना को गंभीर हादसा माना जा रहा है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की कोशिश है कि टनल में फंसे सभी मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें