सोनीपत/ नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोनिया गांधी को फिर से कांग्रेस प्रमुख बनाए जाने का मजाक उड़ाते हुए कहा, ”खोदा पहाड़ निकली चुहिया और वह भी मरी हुई.” सोनीपत के निकट खरखौदा में रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खट्टर ने राहुल गांधी के स्थान पर किसी अन्य को पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के कांग्रेस के प्रयासों का उपहास उड़ाया. वहीं, कांग्रेस ने इस बयान पर तुरंत पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का ‘‘महिला विरोधी” चरित्र दिखाती है. कांग्रेस ने कहा कि खट्टर को तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
तीन महीने तक देशभर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने तीन महीने तक देशभर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश की और इसके बाद, आप जानते हैं कि कौन प्रमुख बना-सोनिया गांधी. फिर से वही गांधी परिवार. उनकी स्थिति है, ‘खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई’. यह उनकी स्थिति है.’’
परिवारवादी दलों को बाहर का दरवाजा दिखाएं
खट्टर ने कांग्रेस एवं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) पर तीखा हमला करते हुए मतदाताओं से कहा कि वे इन परिवारवादी दलों को बाहर का दरवाजा दिखाएं. उन्होंने कहा, ‘‘राज्य और केंद्र में परिवारवादी दल हैं. आप जानते हैं कि परिवारवाद पर आधारित ये दल किस तरह का तमाशा कर रहे हैं. अब परिवार के भीतर भी आपसी झगड़े चल रहे हैं. एक तरफ पप्पू है और दूसरी तरफ मां….”
Delhi: Delhi Pradesh Mahila Congress protest against Haryana CM Manohar Lal Khattar over his comment on Congress Interim President Sonia Gandhi. Delhi Pradesh Mahila Congress President says, “He has made anti-women comments earlier too, shows that he has no respect for women.” pic.twitter.com/KgDqEBCmLF
— ANI (@ANI) October 14, 2019
कांग्रेस का पलटवार – भाजपा का महिला विरोधी चरित्र
कांग्रेस ने इस बयान पर तुरंत पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का ‘‘महिला विरोधी” चरित्र दिखाती है. कांग्रेस ने कहा कि खट्टर को तुरंत माफी मांगनी चाहिए.
मुख्यमंत्री बहुत निचले स्तर पर गिर गए: कांग्रेस
कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री का यह बयान अनुचित है. वह बहुत निचले स्तर पर गिर गए और यह भाजपा का महिला विरोधी चरित्र दर्शाता है. हम उनके बयान की कड़ी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि वह तत्काल माफी मांगें.’’
महिलाओं के प्रति खट्टर का बयान अनुचित दृष्टिकोण दर्शाता है
महिला कांग्रेस प्रमुख सुष्मिता देव ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ खट्टर का बयान महिलाओं के प्रति उनका और भाजपा का अनुचित दृष्टिकोण दर्शाता है. कांग्रेस की हरियाणा प्रदेश इकाई की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने इस बयान के लिए खट्टर की निंदा की.
राहुल बाबा ने इस्तीफा दिया. हमें लगा हमें लगा वे ‘परिवारवाद’ से दूर जा रहे हैं
खट्टर ने कहा, पप्पू चौधरी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद कहा कि वह पार्टी प्रमुख नहीं रहेंगे और राहुल बाबा ने पार्टी प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया. हमें लगा कि यह अच्छी बात है कि वे ‘परिवारवाद’ से दूर जा रहे हैं.
महिला कांग्रेस ने अपमानजनक टिप्पणी का विरोध
महिला कांग्रेस प्रमुख सुष्मिता देव ने कहा, ‘‘कांग्रेस में, हम सार्वजनिक जीवन में गरिमा को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन एक महिला के तौर पर मैं इस अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करती हूं और बिना शर्त माफी मांगे जाने की मांग करती हूं.
आप जैसों की मानसिकता से हरियाणा में अपराध बढ़ रहे
कुमारी शैलजा ने कहा, आप जैसे लोगों की मानसिकता के कारण हरियाणा को अपराध की राजधानी के रूप में जाना जाता है, जो अपराध में देश में सबसे ऊपर है. महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं.
सोनिया गांधी ने आतंकियों के लिए आंसू बहाए
खट्टर ने राज्य में एक सप्ताह पूर्व एक अन्य चुनावी रैली में कांग्रेस पर आतंकवादियों से हमदर्दी रखने का आरोप लगाते हुए कहा था कि सोनिया गांधी ने आतंकवादियों के लिए आंसू बहाए.
कांग्रेस में टिकट बेचे गए
खट्टर ने सोनीपत में कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने ‘‘कांग्रेस में टिकट बेचे जाने का’’ आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी.
कांग्रेस का मुफ्त उपहारों का वादा कभी पूरा नहीं हो सकता
सीएम खट्टर ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर भी उस पर निशाना साधा. खट्टर ने कहा, ‘‘उन्होंने मुफ्त उपहारों का वादा किया, जिसके लिए 1.25 लाख करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी, और यह कभी पूरा नहीं हो सकता. वे ऐसे वादे कर रहे हैं, मानो राजकोष उनके ‘बाप का माल’ हो.’’
जेजेपी झूठी झगड़ा पार्टी, दुष्यंत चौटाला गप्पू
खट्टर ने इनेलो से अलग होने के बाद अस्तित्व में आई जेजेपी पर भी निशाना साधा और कहा, यह ‘झूठी झगड़ा पार्टी’ अब ‘जमानत जब्त पार्टी’ बन जाएगी क्योंकि उसके उम्मीदवार बुरी तरह हारेंगे.’’ उन्होंने जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधा और उन्हें गप्पू बताते हुए कहा कि वे केवल बड़ी-बड़ी बातें करने और झूठ फैलाने का काम करते है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.