CM मोहन यादव ने छोड़ा लंबा काफिला, दिल्ली मेट्रो में किया सफर; लोगों ने कहा- यही है सच्ची सादगी
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में मेट्रो से सफर कर सादगी और ईंधन बचत का संदेश दिया. उन्होंने लोगों से बातचीत भी की. पीएम मोदी की अपील पर सरकार पेट्रोल-डीजल बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट बढ़ाने पर जोर दे रही है.
Mohan Yadav Metro Travel: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली में मेट्रो से सफर कर सादगी और ईंधन बचत का संदेश दिया. उन्होंने लोगों से बातचीत भी की. पीएम मोदी की अपील पर सरकार पेट्रोल-डीजल बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट बढ़ाने पर जोर दे रही है.
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस बार लंबा-चौड़ा काफिला छोड़कर आम लोगों की तरह दिल्ली मेट्रो में सफर किया. उनका ये कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील से प्रेरित माना जा रहा है.
किस स्टेशन से पकड़ी मेट्रो?
मुख्यमंत्री यादव ने शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से दिल्ली एरोसिटी तक यात्रा की. इस दौरान वे पूरी तरह सामान्य यात्री की तरह नजर आए. मेट्रो में सफर करते हुए उन्होंने सहयात्रियों से बातचीत भी की और उनके अनुभवों को सुना. कई यात्रियों ने मध्यप्रदेश की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य पर्यटन और विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन किया और उनकी बातों का जवाब दिया.
'सफर सिर्फ एक यात्रा नहीं'
मोहन यादव का ये सफर सिर्फ एक यात्रा नहीं था, बल्कि एक संदेश भी था. उन्होंने ये दिखाने की कोशिश की कि सार्वजनिक परिवहन का उपयोग केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि बड़े जनप्रतिनिधि भी कर सकते हैं. उनका मानना है कि अगर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जाए तो इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा और देश की विदेशी ईंधन पर निर्भरता भी कम हो सकेगी.
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से ईंधन बचत और मितव्ययता को लेकर जो अपील की गई है, उस पर मध्यप्रदेश सरकार गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस दिशा में एक गाइडलाइन भी तैयार की है. इसके तहत वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने, सरकारी यात्राओं में कम गाड़ियों के इस्तेमाल और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने जैसे कदम शामिल हैं.
सीएम यादव पहले ही अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम कर चुके हैं. उन्होंने मंत्रियों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों से भी अपील की है कि वे अनावश्यक वाहन इस्तेमाल से बचें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. उनका कहना है कि मौजूदा वैश्विक हालात में ईंधन की बचत देशहित से जुड़ा मुद्दा बन चुका है.
दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान मुख्यमंत्री का व्यवहार भी लोगों को काफी पसंद आया. वे लगातार यात्रियों से संवाद करते रहे और किसी तरह की औपचारिकता या दूरी बनाते नजर नहीं आए. सोशल मीडिया पर भी उनके इस कदम की चर्चा हो रही है और लोग इसे जमीन से जुड़ा नेतृत्व बता रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें