तमिलनाडु विधानसभा फ्लोर टेस्ट में सीएम विजय ने साबित किया बहुमत, जानें समर्थन और विरोध में पड़े कितने वोट
Tamil Nadu Assembly Floor Test: तमिलनाडु की विधानसभा में सीएम सी जोसेफ विजय ने बहुमत साबित कर दिया है. उन्हें बहुमत से 26 ज्यादा कुल 144 विधायकों का समर्थन मिला है.
(photo credit ANI, for representation only)
Tamil Nadu Assembly Floor Test: तमिलनाडु की विधानसभा में बुधवार को राज्य के नए सीएम सी जोसेफ विजय और उनकी पार्टी टीवीके ने बहुमत साबित कर दिया है. टीवीके सरकार के समर्थन में 144 वोट पड़े हैं. जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 विधायकों का था. यानी सरकार ने बहुमत के आंकड़े से 26 ज्यादा विधायकों का समर्थन जुटा लिया है. इस वोटिंग के दौरान पांच विधायक गैरहाजिर रहे. वहीं विश्वास मत के विरोध में 22 वोट पड़े हैं. कुल 171 विधायकों ने वोटिंग में हिस्सा लिया है.
बहुमत पाते ही विजय ने कहा कि यह सरकार अल्पसंख्यकों की सरकार है. उन्होंने राज्य के लोगों की हित में काम करने की बात कही है.
कैसे भारी बहुमत जुटाने में कामयाब हुए विजय
4 मई को आए नतीजों में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था. कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों ने विजय की सरकार का समर्थन किया है. डीएमके के विधायकों ने वॉकआउट किया. वहीं, भाजपा का एक विधायक तटस्थ रहा है. चार विधायकों वाली पीएमके ने भी वोटिंग से दूरी बनाई है.
एआईडीएमके में दो फाड़
पार्टी के बागी नेता एस पी वेलुमणि ने टीवीके सरकार को समर्थन देने का ऐलान किया, जबकि पलानीस्वामी गुट ने उनका विरोध किया. इससे पहले जोसेफ विजय से विश्वास मत हासिल करने के लिए प्रस्ताव पेश किया था.
कुल कितनी पार्टियां विजय के साथ
कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके, आईयूएमएल और एएमएमके ने विजय की सरकार को समर्थन दिया है. हालांकि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद जब विजय के पास बहुमत के लिए 10 विधायक कम पड़ रहे थे, तब उन्हें समर्थन जुटाने में दो से तीन दिन लग गए. दो बार तो राज्यपाल ने उन्हें कहा कि वह पहले 118 विधायकों का समर्थन लेकर आएं. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी के समर्थन के बाद भी उन्हें दो और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें