Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने 18 नामों पर लगाई मुहर, इन सीटों पर उम्मीदवार तय, अमेठी-रायबरेली पर सस्पेंस बरकरार

Congress Candidates List: यूपी में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 194 उम्मीदवारों की घोषणा की है.

Written by: Gaurav Barar
Published: March 27, 2024, 9:05 PM IST

UP Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. हर रोज लंबी-लंबी बैठकें हो रही हैं. इसी क्रम में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (Congress CEC) की बुधवार को बैठक हुई.

इस बैठक में उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट को लेकर चर्चा नहीं हुई और अब इस बारे में पार्टी नेतृत्व फैसला करेगा कि वहां से कौन उम्मीदवार होंगे. सीईसी बैठक में उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और गोवा के लिए लोकसभा उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक, आज की बैठक में 18 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है.

अमेठी और रायबरेली पर नहीं हुई चर्चा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली सीईसी की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सीईसी के कई अन्य सदस्य शामिल हुए. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने अमेठी और रायबरेली के बारे में पूछे जाने पर कहा कि आज की बैठक में इसको लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है.

उन्होंने कहा, ‘पिछली बैठक में हमने प्रस्ताव दिया था और इस बारे में नेतृत्व को फैसला करना है.’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने पिछले बृहस्पतिवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष प्रस्ताव दिया कि अमेठी और रायबरेली लोकसभा क्षेत्रों से गांधी परिवार के सदस्य ही चुनाव लड़ें क्योंकि स्थानीय लोगों की यह मांग है.

CEC की अगली बैठक 31 मार्च को

अमेठी में पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार स्मृति ईरानी से राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था. लंबे समय तक रायबरेली का प्रतिनिधित्व करने वालीं सोनिया गांधी ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की अगली बैठक 31 मार्च को होगी.

यूपी की इन सीटों पर उम्मीदवार किए तय

राहुल गांधी को केरल के वायनाड से पहले ही उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है. सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सीईसी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की छह लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी. जिसमें प्रयागराज, सीतापुर, गाजियाबाद, मथुरा, महाराजगंज, बुलंदशहर शामिल है.

महाराजगंज से वीरेंद्र चौधरी, गाजियाबाद से डाली शर्मा, सीतापुर से नकुल दूबे, प्रयागराज से सपा नेता रहे रेवती रमण सिंह के बेटे उज्जवल रमन सिंह को टिकट देना तय हुआ है. पार्टी पहले ही राज्य के 9 लोकसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है.

अब तक 194 उम्मीदवारों की घोषणा की

कांग्रेस उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कुल 17 सीट पर चुनाव लड़ रही है. कांग्रेस सात अलग-अलग सूचियों में अब तक 194 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. देश में लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे और मतगणना चार जून को होगी.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.