Congress Vs Rjd In Bihar India Alliance Has Failed To Reach An Agreement On Seat Sharing Contest Against Each Other On These Seats
बिहार में कांग्रेस बनाम RJD? महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर नहीं बनी बात, इन सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव
Bihar Assembly Election: आरजेडी ने कांग्रेस के आरोपों का सीधा जवाब न देते हुए कहा कि पार्टी का हाईकमान स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा.
Bihar Assembly Election: बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच, विपक्षी महागठबंधन (INDIA Alliance) में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है. नामांकन की आखिरी तारीख नजदीक आने के बावजूद, गठबंधन के सहयोगी दल कुछ सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकने को तैयार हैं. इन सीटों पर कांग्रेस (Congress) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच सीधी टक्कर होने के आसार हैं. महागठबंधन में दरार की खबर से चुनाव पर असर ना पड़े इसलिए जानकारों को मुताबिक इस टक्कर को ‘फ्रेंडली फाइट’ का नाम दिया जा रहा है.
गठबंधन के समझौते के खिलाफ हैं तेजस्वी?
महागठबंधन में यह तनाव उस समय खुलकर सामने आया, जब बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर गठबंधन को सबोटॉज करने और अपनी बात से मुकर जाने का आरोप लगाया. राजेश राम ने यहां तक कह दिया कि तेजस्वी यादव गठबंधन के समझौते के खिलाफ काम कर रहे हैं और दलितों के प्रतिनिधित्व को कमजोर कर रहे हैं. तनाव का सबसे बड़ा उदाहरण कुटुम्बा (Kutumba) की एससी-आरक्षित सीट पर देखने को मिला, जहां आरजेडी ने कांग्रेस के राजेश राम के खिलाफ अपना उम्मीदवार सुरेश पासवान उतार दिया है. हालांकि, अभी तक दोनों ने नामांकन दाखिल नहीं किया है.
गठबंधन जल्द निकालेगा समस्या का समाधान
इस बीच, आरजेडी ने कांग्रेस के आरोपों का सीधा जवाब न देते हुए कहा कि पार्टी का हाईकमान स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा. आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कांग्रेस को ‘जमीनी हकीकत’ समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि आरजेडी मुख्य रूप से सिर्फ बिहार और झारखंड में ही चुनाव लड़ती है, जबकि वह कर्नाटक या राजस्थान जैसे राज्यों में कांग्रेस से सीटें नहीं मांग रही है. तिवारी ने विश्वास जताया कि गठबंधन के शीर्ष नेता बैठकर इस समस्या का समाधान निकाल लेंगे.
इन सीटों पर होगी सीधी टक्कर
कई महत्वपूर्ण सीटों पर महागठबंधन के घटक दलों के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है. जिन सीटों पर कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे, उनमें लालगंज, वैशाली, राजापाकर, रोसड़ा, बिहारशरीफ, बछवाड़ा, तारापुर, कुटुम्बा और कहलगांव शामिल हैं. इसके अलावा, बछवाड़ा और रोसड़ा जैसी कुछ सीटों पर सीपीआई (CPI) भी कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ रही है. गौरतलब है कि बिहार की 121 सीटों पर पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और 122 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा. वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.