कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, विजिबिलिटी बेहद कम- रेड अलर्ट के बीच IGI एयरपोर्ट की खास ट्रैवल एडवाइजरी

घने कोहरे के कारण दिल्ली और NCR में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिसके चलते प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है. खराब मौसम का सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। IGI एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए खास ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है.

Published date india.com Published: December 29, 2025 11:30 PM IST
कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, विजिबिलिटी बेहद कम- रेड अलर्ट के बीच IGI एयरपोर्ट की खास ट्रैवल एडवाइजरी

Delhi Red Alert: दिल्ली में घने कोहरे के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है. राजधानी के कई इलाकों में विजिबिलिटी अचानक बेहद कम हो गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में सड़कों, रिहायशी इलाकों और हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ दिखाई दे रहा है. सुबह और रात के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रात और तड़के सुबह के समय दिल्ली में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके समेत कई हिस्सों में कोहरा इतना घना रहा कि कुछ दूरी पर भी देख पाना मुश्किल हो गया. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जबकि देर सुबह तक कोहरा थोड़ा छंटने की उम्मीद है. हालांकि, दिनभर हल्की धुंध बने रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

128 उड़ानें रद्द

कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई यातायात पर पड़ा है. सोमवार (29 दिसंबर) सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर शून्य विजिबिलिटी के कारण कम से कम 128 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि आठ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा. एयरपोर्ट पर लो-विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू किए गए हैं और फ्लाइट ऑपरेशन CAT III कंडीशन में चल रहे हैं. IGI एयरपोर्ट की ओर से जारी ट्रैवल एडवाइजरी में यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन से पहले ही जांच लें और अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है.

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली में बहुत घना से मध्यम कोहरा बना रह सकता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर जारी रहेगा. तापमान अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि नमी का स्तर 98 से 100 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. हवा की गुणवत्ता भी खराब बने रहने की संभावना है, इसलिए बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मध्य सप्ताह में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.