
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Train Flights Delay Cancel: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय मौसम की मार झेल रही है. एक तरफ जहां पारा गिरने से पूरा एनसीआर भीषण शीत लहर की चपेट में है, वहीं घने कोहरे और गंभीर श्रेणी के वायु प्रदूषण ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. शून्य के करीब पहुंचती विजिबिलिटी और धुंध की चादर ने सड़कों से लेकर पटरियों और रनवे तक यातायात की गति पर ब्रेक लगा दिया है.
सफेद अंधेरे और घने कोहरे का सबसे बुरा असर भारतीय रेलवे पर पड़ा है. रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्तर भारत में दृश्यता कम होने के कारण लगभग 100 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं.
लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में बाधा आने से यात्री रेलवे स्टेशनों पर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं. इसके अलावा, सुरक्षा कारणों से रेलवे को कम से कम 10 से अधिक ट्रेनों के रूट में बदलाव करना पड़ा है. ट्रेनों की इस लेत-लतीफी ने यात्रियों की परेशानी को बढ़ा दिया है, विशेष रूप से उन लोगों के लिए जो कड़कड़ाती ठंड में स्टेशनों पर फंसे हुए हैं.
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी कोहरे के कहर से अछूता नहीं रहा. रनवे पर दृश्यता का स्तर बेहद कम होने के कारण विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. हवाई अड्डा प्रबंधन द्वारा प्राप्त ताजा जानकारी के अनुसार, 60 विमानों का आगमन रद्द किया गया है. 58 प्रस्थान उड़ानों को रद्द करना पड़ा है. कम से कम 16 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है.
हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन ने दावा किया कि विमानों की आवाजाही को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं और टेकऑफ व लैंडिंग की प्रक्रिया धीरे-धीरे सुचारू हो रही है. एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है और लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें.
सड़कों पर स्थिति और भी भयावह है. घने कोहरे के कारण दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं. कम विजिबिलिटी के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, जिसके कारण ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और गति धीमी रखने की सलाह दी है.
इसके साथ ही, प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में बने होने के कारण सांस के मरीजों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. दिल्ली में फिलहाल सर्दी और कोहरे से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. रेल और हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेटेड शेड्यूल देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.