19 साल के देवव्रत ने 50 दिन में पूरा किया 2 हजार मंत्रों का दण्डकर्म, PM मोदी ने की तारीफ

19 वर्षीय देवव्रत महेश रेखे ने वाराणसी में 50 दिनों में शुक्ल यजुर्वेद के 2000 मंत्रों का दंडकर्म पारायणम् पूरा किया. प्रधानमंत्री मोदी ने इस अनोखी वैदिक उपलब्धि की प्रशंसा की.

Published date india.com Published: December 2, 2025 11:39 PM IST
19 साल के देवव्रत ने 50 दिन में पूरा किया 2 हजार मंत्रों का दण्डकर्म, PM मोदी ने की तारीफ

महाराष्ट्र के 19 वर्षीय देवव्रत महेश रेखे ने ऐसा वैदिक चमत्कार कर दिखाया है, जिसे सुनकर हर कोई गर्व महसूस कर रहा है. वाराणसी के वल्लभराम शालिग्राम सांगवेद विद्यालय में उन्होंने शुक्ल यजुर्वेद की माध्यंदिन शाखा के 2000 मंत्रों वाले ‘दंडकर्म पारायणम्’ को 50 दिनों में पूरा किया. सबसे खास बात यह है कि काशी की धरती पर यह अनुष्ठान लगभग 200 साल बाद संपन्न हुआ है. इससे पहले ऐसा पारायण महाराष्ट्र के नासिक में वेदमूर्ति नारायण शास्त्री देव ने किया था. लगातार सुबह से शाम तक पूरी शुद्धता के साथ मंत्रों का उच्चारण करना किसी तपस्या से कम नहीं था, और देवव्रत ने यह साधना बड़े अनुशासन और समर्पण के साथ पूरी की.

PM मोदी ने आने वाली पीढ़ियों के लिए बताया प्रेरणा

देवव्रत की इस उपलब्धि ने केवल काशी ही नहीं, पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी प्रशंसा करते हुए लिखा कि 19 वर्षीय देवव्रत ने जो हासिल किया है, वह जानकर मन प्रफुल्लित हो गया है.

पीएम मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी. उन्होंने यह भी बताया कि इतने महत्वपूर्ण वैदिक मंत्रों का 50 दिनों तक बिना किसी अवरोध के शुद्ध उच्चारण, भारतीय गुरु परंपरा की सर्वोच्च छवि दिखाता है. काशी के सांसद होने के नाते, पीएम मोदी ने विशेष गर्व व्यक्त किया कि यह साधना इसी पवित्र भूमि पर पूर्ण हुई.

गुरु कृपा और मेहनत का फल

देवव्रत ने खुद आईएएनएस को बताया कि उनके लिए पीएम मोदी की प्रशंसा किसी सम्मान से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि यह उनकी विद्या और गुरु परंपरा का गौरव है. वे बताते हैं कि वेदों में लोगों की रुचि बढ़ाने के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा और वह चाहते हैं कि युवा पीढ़ी भी वेद अध्ययन की ओर आकर्षित हो. देवव्रत के पिता महेश चंद्रकांत रेखे ने बताया कि आमतौर पर शुक्ल यजुर्वेद की यह शिक्षा 12 से 15 साल में पूरी होती है, लेकिन उनके बेटे ने इसे मात्र 8-9 साल में पूरा किया. पिता के अनुसार यह पूरी तरह गुरुजनों के आशीर्वाद और बेटे की कठोर साधना का परिणाम है.

काशी में गूंजा वैदिक गौरव

देवव्रत की इस साधना ने काशी में आध्यात्मिक उत्साह पैदा कर दिया. संतों, विद्वानों और वैदिक संस्थानों ने इसे एक ऐतिहासिक घटना बताया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और सम्मानित करने की बात कही. इतने कठिन अनुष्ठान को एक युवा छात्र द्वारा पूरा किया जाना यह दर्शाता है कि भारत की वैदिक परंपरा आज भी नई पीढ़ी के बीच जीवित है. देवव्रत का संदेश भी यही है – गुरु सेवा, भगवान की भक्ति और वेदों के प्रति निष्‍ठा रखी जाए तो व्यक्ति असंभव लगने वाले लक्ष्यों को भी हासिल कर सकता है. उनकी यह उपलब्धि भारतीय संस्कृति और काशी की आध्यात्मिक विरासत को एक नया वैश्विक पहचान देती है.

(इनपुट-एजेंसी के साथ)

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.