धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोचों में जश्न का माहौल, वीडियो में देखिए सेलिब्रेशन
NEET-UG विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर छात्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। CJP और विपक्ष ने इसे छात्रों के आंदोलन की जीत बताया.
CJP Student Demands
NEET-UG परीक्षा विवाद और छात्रों के बढ़ते विरोध के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. शनिवार, 25 जुलाई 2026 को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है. उनके इस्तीफे की खबर सामने आते ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई.
लंबे समय से विपक्ष और प्रदर्शनकारी संगठन शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे थे. ऐसे में इस्तीफे की खबर मिलते ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर माहौल पूरी तरह बदल गया. यहां मौजूद युवाओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और नाचकर अपनी खुशी जाहिर की. कई युवा हाथों में गमछा लेकर जश्न मनाते दिखे.
जंतर-मंतर पर युवाओं ने मनाई खुशी
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने जश्न मनाया. सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ढोल की थाप पर नाचते और एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए. कुछ युवाओं ने गमछे लहराकर अपनी खुशी जताई, तो कुछ ने देशभक्ति के नारे लगाए. जंतर-मंतर पर 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारे भी सुनाई दिए. कई प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी जीत बताया. युवाओं का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे थे और अब सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है. प्रदर्शनकारियों के बीच जश्न का माहौल काफी देर तक बना रहा. ढोल की आवाज और नारों के बीच युवा एक-दूसरे के साथ खुशी साझा करते नजर आए.
CJP ने बताया आंदोलन की जीत
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में भी खुशी देखने को मिली. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इसे आंदोलन की बड़ी जीत बताया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को डरने के बजाय अपनी बात रखनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि जो लोग यह कहते थे कि इस सरकार में मंत्री इस्तीफा नहीं देते, उनके सामने अब इस्तीफा हुआ है. CJP की ओर से यह भी कहा गया कि सरकार के साथ आगे की बातचीत जारी रहेगी. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि सरकार जब भी बातचीत के लिए बुलाएगी, वे बैठक में शामिल होंगे.
विपक्ष ने भी दी प्रदर्शनकारियों को बधाई
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विपक्षी नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर प्रियंका गांधी तक कई नेताओं ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को बधाई दी. विपक्ष ने इसे छात्रों और युवाओं की आवाज का असर बताया.
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताया और कहा कि यह छात्रों का आंदोलन था. उनके मुताबिक, छात्रों ने लंबे समय तक धैर्य बनाए रखा और उनकी आवाज लगातार उठती रही. अब इस्तीफे के बाद प्रदर्शनकारी इसे अपने संघर्ष का नतीजा मान रहे हैं.
देशभर में छात्रों और युवाओं ने मनाया जश्न
NEET पेपर लीक और परीक्षा में सुधार की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं का विरोध लंबे समय से जारी था. इसी बीच प्रदर्शन से जुड़े कुछ लोगों ने सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद अपना अनशन भी खत्म कर दिया था. अब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद जंतर-मंतर पर युवाओं का जश्न देखने को मिला. दिल्ली के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में भी छात्रों और युवाओं के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला.
सोशल मीडिया पर भी लोग इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. प्रदर्शनकारियों के लिए यह सिर्फ एक इस्तीफा नहीं, बल्कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों की जीत के तौर पर देखा जा रहा है. जंतर-मंतर से लेकर देश के कई हिस्सों तक युवाओं ने नारे लगाकर, मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें