'मजबूत और दूरदर्शी नेता...', PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर ट्रंप ने की जमकर तारीफ, क्या कुछ कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 साल पूरे होने पर अमेरिका से लेकर यूरोप और एशिया तक कई विश्व नेताओं ने उन्हें बधाई दी. नेताओं ने भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत, आर्थिक प्रगति और मोदी के नेतृत्व की तारीफ की.
Donald Trump Congratulates PM Modi: भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 साल तक देश का नेतृत्व करते हुए एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसने उन्हें भारत का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला निर्वाचित प्रधानमंत्री बना दिया है. इस उपलब्धि के बाद दुनिया के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व की खुलकर तारीफ की.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें एक मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान नेता बताया. उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और आने वाले सालों में भी उनकी सफलता जारी रहेगी। ट्रंप का ये संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
पहली बार 2014 में ली थी PM पद की शपथ
प्रधानमंत्री मोदी ने मई 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद से उन्होंने लगातार देश का नेतृत्व किया और जून 2026 में उन्होंने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लंबे कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया.
भारत के बदलते वैश्विक प्रभाव
मोदी के इस राजनीतिक सफर को केवल समय की दृष्टि से नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे भारत के बदलते वैश्विक प्रभाव और आर्थिक विकास से भी जोड़ा जा रहा है. पिछले एक दशक में भारत ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. यही वजह है कि विश्व मंच पर भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत मानी जा रही है.
इजराइल के प्रधानमंत्री ने भी दी बधाई
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत और इजराइल के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं. दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग लगातार मजबूत हुआ है.
मेलोनी का भी बधाई संदेश
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भारत और इटली भविष्य की नई संभावनाओं को लेकर साथ मिलकर काम कर रहे हैं और ये संबंध आने वाले वर्षों में और मजबूत होगा.
श्रीलंका से भी आईं शुभकामनाएं
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमारा दिसानायके ने इस उपलब्धि को भारतीय जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में लगातार इतने लंबे समय तक नेतृत्व करना जनता के भरोसे और राजनीतिक स्थिरता को दर्शाता है.
और कहा-कहा से मिली बधाइयां?
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन सहित कई अन्य वैश्विक नेताओं ने भी मोदी को शुभकामनाएं भेजीं. मालदीव, नेपाल, भूटान, दक्षिण कोरिया, साइप्रस और डेनमार्क समेत अनेक देशों के नेताओं ने भारत की प्रगति और बढ़ते वैश्विक प्रभाव का उल्लेख किया.
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्रियों टोनी एबॉट और स्कॉट मॉरिसन ने भी मोदी की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की. उनका मानना है कि मोदी के कार्यकाल में भारत ने आर्थिक विकास, अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और रणनीतिक प्रभाव के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें