Dilip Ghosh Remarks: कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) और भाजपा सांसद दिलीप घोष (Dilip Ghosh) की मुश्किलें बढ़ गई हैं. चुनाव आयोग (ECI) ने बुधवार को दोनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. चुनाव आयोग ने दिलीप घोष और सुप्रिया श्रीनेत से 29 मार्च 2024 शाम 5 बजे तक जवाब मांगा है.
आयोग ने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत को भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत के खिलाफ टिप्पणी के लिए और भाजपा सांसद दिलीप घोष को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ टिप्पणी के लिए तलब किया है. निर्वाचन आयोग ने दिलीप घोष की टिप्पणी, सुप्रिया श्रीनेत की टिप्पणी को ‘अशोभनीय और गलत’ बताया.
कंगना रनौत को भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से मैदान में उतारा है. चुनाव पैनल ने कहा कि प्रथम दृष्टया, दोनों टिप्पणियां आदर्श आचार संहिता और चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों को गरिमा बनाए रखने की सलाह का उल्लंघन थीं.
दिलीप घोष ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के बांग्ला भाषा में दिए गए एक नारे का मजाक उड़ाया था जिसका अर्थ है ‘बंगाल अपनी बेटी को ही चाहता है’. घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संदर्भ में कहा, ‘जब वह गोवा जाती हैं तो कहती हैं कि गोवा की बेटी हैं. त्रिपुरा में वह खुद को त्रिपुरा की बेटी बताती हैं. पहले वह अपने पिता की पहचान करें.’
घोष के मुख्यमंत्री के संबंध में दिए बयान से विवाद खड़ा हो गया और भाजपा ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा. दिलीप घोष ने अपने विवादास्पद बयान पर बुधवार को खेद जताया. बीजेपी नेता ने कहा कि उनकी पार्टी और अन्य लोगों को उनके शब्दों के चयन पर आपत्ति है. उन्हें टिप्पणी के लिए खेद है.
वहीं, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कंगना रनौत और मंडी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. विवाद बढ़ने के बाद श्रीनेत ने अपने सभी सोशल अकाउंट्स से विवादास्पद टिप्पणियों को हटा दिया. उन्होंने यह दावा किया कि विवादास्पद पोस्ट उनके द्वारा नहीं बल्कि किसी और के द्वारा किए गए थे, जिनकी उनके अकाउंट तक पहुंच थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.