नई दिल्लीः कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान हो सकता है. कर्नाटक की मौजूदा (13वीं) विधानसभा का पांच वर्ष का कार्यकाल तीन जून को पूरा हो रहा है. 225 सदस्यीय विधानसभा की 224 सीट के लिए चुनाव होता है जबकि एक सीट पर एंग्लो-इंडियन समुदाय का सदस्य मनोनित होता है. इस समय कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है. 2013 के विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल 224 सीटों में से कांग्रेस ने 122 सीटें जीती थी. जबकि बीजेपी 40 और जेडीएस ने 40 सीटों पर कब्जा किया था. बीजेपी से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले बीएस येदियुरप्पा की केजेपी महज 6 सीटें जीत सकी थी. इसके अलावा अन्य को 16 सीटें मिली थी. हालांकि बाद में येदियुरप्पा दोबारा से बीजेपी के साथ आ गए.
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2008 के मुताबिक 2013 में बीजेपी को 70 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा था. जबकि राज्य की सभी सभी पार्टियों को फायदा मिला था. सबसे ज़्यादा लाभ कांग्रेस को 42 सीटों का, जेडीएस को 12 और अन्य उम्मीदवारों को 10 सीटों का हुआ था.
कांग्रेस के लिए कर्नाटक चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है. देश के बड़े राज्यों में कर्नाटक ही एक ऐसा राज्य है जिसमें कांग्रेस की सरकार है. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की सरकार ने हाल ही में लिंगायत को अगल धर्म का दर्जा देने के लिए केंद्र को सिफारिश भेजी है. राज्य में लिंगायत समुदाय की आबादी 18 प्रतिशत के करीब है. चुनाव में लगभग 100 सीटों पर इनका प्रभाव माना जाता है. इन्हें बीजेपी का कोर वोटर माना जाता रहा है. कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक में जोर शोर से चुनाव प्रचार कर रहे हैं. गुजरात में बीजेपी को कड़ी टक्कर देने के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं.
जीत को लेकर बीजेपी आश्वस्त
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह कर्नाटक के दौरे पर हैं. उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के पक्ष में सुनामी है और यह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को न सिर्फ हराएगी बल्कि उसे जड़ से उखाड़ देगी. उन्होंने विविध मोर्चे पर सिद्धरमैया सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि उसने लोगों से दूरी बना ली. शाह ने कहा कि गुजरात के चुनाव के बाद यह मेरा कर्नाटक का दौरा है. यहां पर अदभुत उत्साह देखने को मिल रहा है. पहले मैं कहता था कि बीजेपी की लहर है. अब मैं कहता हूं कि यह सुनामी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.