Tamil Nadu Festival Gift Scheme: तमिलनाडु में पोंगल सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि परंपरा और आस्था से जुड़ी एक बड़ी सांस्कृतिक पहचान है. हर साल राज्य सरकार लाखों परिवारों को पोंगल उपहार पैकेज देती है, जिसमें चावल, गन्ना, चीनी और अन्य खाद्य सामग्री शामिल होती हैं. लेकिन इस बार सरकार इससे भी बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सरकार पोंगल पैकेज के साथ परिवार कार्डधारकों को 3,000 रुपये नकद देने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है. सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि पोंगल के मौके पर लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिले.
राज्य में लगभग 2.25 करोड़ परिवार कार्डधारक हैं, और प्रस्ताव यह है कि सभी परिवारों को पोंगल पैकेज के साथ 3,000 रुपये नकद दिए जाएं. सहकारी विभाग और वित्त विभाग ने पैकेज के लिए चावल, चीनी, गन्ना और अन्य सामग्रियों की खरीद की प्रक्रिया तेज कर दी है. पोंगल आने में अभी एक महीने का समय है, इसलिए संबंधित सभी विभागों को पूरी तैयारी में जुटने के निर्देश दिए गए हैं.
तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले मिलने वाला यह आर्थिक लाभ वोटरों के मूड को प्रभावित कर सकता है. पोंगल तमिलनाडु की राजनीति में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इस बार भी पैकेज को लेकर बड़ी चर्चा होना तय माना जा रहा है.
डीएमके सरकार के 2022 में सत्ता में आने के बाद उस वर्ष पोंगल उपहार पैकेज नहीं दिया गया था. इस फैसले पर काफी आलोचना हुई थी. इसके बाद 2023 और 2024 में पोंगल पैकेज के साथ 1,000 रुपये नकद दिए गए. हालांकि इस साल लोगों को चावल, गन्ना और चीनी तो मिला, लेकिन नकद राशि न मिलने से कई जगहों पर नाराजगी देखने को मिली.
दूसरी तरफ, 2021 में एआईएडीएमके सरकार ने चुनाव से पहले पोंगल के मौके पर हर परिवार को 2,500 रुपये नकद दिए थे. अब चर्चा यह है कि डीएमके सरकार शुरुआत में 5,000 रुपये देने पर विचार कर रही थी, लेकिन वित्तीय बोझ को देखते हुए प्रस्तावित राशि को 3,000 रुपये पर सीमित करने की बात सामने आ रही है. इतना बड़ा खर्च कैसे वहन किया जाएगा, इसके लिए वित्त विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.
सरकार ने इस बार पोंगल पैकेज की गुणवत्ता को लेकर और अधिक सख्ती बरतने का निर्देश दिया है. सभी वस्तुओं- चावल, चीनी और गन्ना की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी परिवार तक खराब या गैर-मानक सामग्री न पहुंचे. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि लोगों को सिर्फ मात्रा नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण सामग्री मिले.
हालांकि सरकार की ओर से पोंगल पैकेज की आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बड़ा ऐलान होगा. इसी घोषणा में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि 3,000 रुपये नकद सहायता मंजूर की जाएगी या नहीं. चूंकि पोंगल जनवरी के पहले सप्ताह में आता है और विधानसभा चुनाव सिर्फ तीन महीने बाद होंगे, इसलिए यह फैसला सामाजिक के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.