जम्मू के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश, बाल-बाल बचे- वायरल हो रहा Video
Farooq Abdullah Firing: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर एक शादी समारोह के बाहर फायरिंग की कोशिश की गई.
Updated Date:March 12, 2026 1:31 AM IST
By Tanuja Joshi Edited By Tanuja Joshi
Farooq Abdullah Firing: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार (11 मार्च, 2026) को जम्मू के बाहरी इलाके में एक शादी समारोह के बाहर फायरिंग की कोशिश की गई. वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बीएस चौहान के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे. घटना के दौरान जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे. अचानक एक बंदूकधारी ने फायरिंग की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. इस घटना में दोनों नेता पूरी तरह सुरक्षित रहे. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक CCTV वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि फारूक अब्दुल्ला शादी समारोह से बाहर निकल रहे हैं और उनके साथ सुरिंदर चौधरी सहित कई लोग मौजूद हैं. तभी एक आरोपी उनके पीछे-पीछे आता है और अचानक करीब पहुंचकर गोली चलाने की कोशिश करता है. हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया.
सुरक्षा में चूक का आरोप
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब वे शादी समारोह से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावर ने फारूक अब्दुल्लाह की पीठ की ओर गोली चलाई. उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस की तरफ से सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है क्योंकि वहां कोई सुरक्षा घेरा नहीं था. चौधरी ने बताया कि उनके निजी सुरक्षा कर्मियों ने ही हमलावर को पकड़कर बाद में पुलिस के हवाले किया.
Also Read
उमर अब्दुल्ला ने उठाए सवाल
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने भी इस घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि ये घटना कई सवाल खड़े करती है कि आखिर एक हथियारबंद व्यक्ति इतनी नजदीक तक कैसे पहुंच गया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भगवान की कृपा से उनके पिता सुरक्षित हैं. हमलावर बहुत करीब से गोली चलाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा टीम ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए हमले को नाकाम कर दिया. उन्होंने कहा कि अभी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं, खासकर ये कि Z+ सुरक्षा वाले पूर्व मुख्यमंत्री के इतना करीब कोई व्यक्ति कैसे पहुंच गया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
Published Date:March 12, 2026 12:35 AM IST
Updated Date:March 12, 2026 1:31 AM IST