आजाद भारत का पहला महाकुंभ, जिसे सबसे बड़े हादसे के लिए किया जाता है याद, हजारों श्रद्धालुओं की हुई थी मौत

Maha Kumbh Mela : 3 फरवरी 1954 को मौनी अमावस्या के दिन, जब संगम में स्नान का सबसे पवित्र समय था, लाखों लोग गंगा स्नान के लिए उमड़ पड़े थे.

Published date india.com Published: January 19, 2025 6:38 PM IST
आजाद भारत का पहला महाकुंभ, जिसे सबसे बड़े हादसे के लिए किया जाता है याद, हजारों श्रद्धालुओं की हुई थी मौत

Maha Kumbh 1954 : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हर 12 वर्ष बाद महाकुंभ का आयोजन किया जाता है, जिसमें दुनियाभर से करोड़ों श्रद्धालु संगम स्नान के लिए यहां आते हैं. एक बार फिर महाकुंभ स्नान के लिए लाखों-करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं, इस बीच रविवार को मेला क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया. महाकुंभ के सेक्टर 19 एरिया में करीब 18-20 टेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. हालांकि दमकल कर्मचारियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन सैकड़ों लोगों के समान और टेंट जलकर खाक हो गए. इस घटना ने एक बार फिर आजाद भारत के पहले महाकुंभ की याद दिला दी, जिसे मेले में हुए सबसे बड़े हादसे के लिए याद किया जाता है.

आजाद भारत का पहला महाकुंभ

वर्ष 1954 में स्वतंत्र भारत का पहला महाकुंभ आयोजित हुआ, जो ऐतिहासिक महत्व रखता है. लेकिन यह महाकुंभ सिर्फ धार्मिक आस्था और उत्सव के लिए ही नहीं बल्कि एक बड़े हादसे के कारण भी हमेशा के लिए यादगार बन गया. 1954 में प्रयागराज में 14 जनवरी से 3 मार्च तक महाकुंभ का आयोजन हुआ. यह स्वतंत्रता के बाद का पहला महाकुंभ था, इसलिए इसका महत्व बहुत अधिक था. देशभर से लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने पहुंचे थे. लोगों का उत्साह देखते ही बनता था. धार्मिक उत्सव में न केवल श्रद्धालु बल्कि साधु-संतों और नागा बाबाओं की बड़ी संख्या भी शामिल हुई.

कब घटी ये दुखद घटना?

3 फरवरी 1954 को मौनी अमावस्या के दिन, जब संगम में स्नान का सबसे पवित्र समय था, लाखों लोग गंगा स्नान के लिए उमड़ पड़े. इतनी बड़ी संख्या में भीड़ के कारण व्यवस्थाएं चरमरा गईं. भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जो इतिहास के सबसे बड़े हादसों में से एक बन गई. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस हादसे में 800 से अधिक लोगों की जान गई, जबकि अन्य स्रोतों का कहना है कि मृतकों की संख्या 1600 से भी अधिक थी. हजारों लोग घायल हुए और कई परिवार बिछड़ गए. भगदड़ का मुख्य कारण भीड़ पर नियंत्रण का अभाव और व्यवस्थाओं की कमी माना गया.

कैसे हुई भगदड़?

हादसे की जांच में पाया गया कि आयोजन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल नहीं था. इसके अलावा, रास्ते संकरे थे, और भीड़ का प्रबंधन बेहतर तरीके से नहीं हो सका. जब लोग आगे बढ़ने लगे, तो अचानक एक अफवाह फैल गई, जिससे भगदड़ मच गई. 1954 की इस दुर्घटना ने सरकार और प्रशासन को बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने का सबक दिया. इसके बाद से हर कुंभ मेले में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाने लगा.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.