Ankita Bhandari Murder Case: उत्तराखंड में एक रिजॉर्ट मालिक द्वारा वहां रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली अंकिता भंडारी की कथित तौर पर हत्या किए जाने के मामले में पीड़िता के विसरा नमूनों की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता के पुत्र पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी. इसके विरोध में व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला और लोगों ने दोषियों को फांसी दिए जाने की मांग की.
एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने का अनुरोध करते हुए कहा कि विसरा के नमूनों की रिपोर्ट में अंकिता की हत्या से पहले उसके यौन उत्पीड़न की बात नहीं है. उन्होंने कहा कि नए निष्कर्ष एम्स, ऋषिकेश द्वारा जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का समर्थन करते हैं, जिसमें पीड़िता के यौन उत्पीड़न से भी इनकार किया गया था. आर्य और उसके दो साथी जेल में हैं, जबकि मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा जांच जारी है.
अधिकारी ने कहा कि डीआईजी पी. रेणुका देवी की अध्यक्षता में एसआईटी की जांच अपने निष्कर्ष के करीब है जिसके बाद मामले में आरोप पत्र दायर किया जाएगा. भंडारी (19) का शव 24 सितंबर को उत्तराखंड के ऋषिकेश में चिल्ला नहर से बरामद किया गया था. अंकिता की हत्या के बाद उत्तराखंड में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ था. सैकड़ों लोग सड़कों पर आ गए थे. सरकार ने पूर्व बीजेपी नेता के बेटे पुलकित आर्य के रिजॉर्ट को ध्वस्त करवा दिया था.
(इनपुट-भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.