'दोस्ती की आड़ में हत्या...', गाजियाबाद हत्याकांड पर गरजे CM योगी, क्या कुछ बोले
गाजियाबाद में युवक सूर्या चौहान की हत्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि दोस्ती की आड़ में हिंसा और हत्या जैसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
गाजियाबाद कांड पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान. Image Source- ANI Created By- India.com Hindi
CM Yogi on Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मामले को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी प्रतिक्रिया और साफ संदेश दिया है कि दोस्ती या किसी भी व्यक्तिगत संबंध की आड़ में होने वाले अपराधों को राज्य सरकार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी.
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान इस घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में गाजियाबाद में जो घटना सामने आई, वह समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति मित्रता का दिखावा करके किसी की जान लेता है, तो ये केवल अपराध नहीं बल्कि विश्वासघात भी है. ऐसे मामलों में कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये मामला गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी का है. यहां रहने वाले सूर्या चौहान पर 28 मई को कथित रूप से चाकू से हमला किया गया था. घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे. पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गया और इसी दौरान सूर्या चौहान पर चाकू से हमला किया गया.
मुठभेड़ में मारा गया असद
सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था. पुलिस के अनुसार आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था. मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जबकि आरोपी का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा.
पुलिस के मुताबिक, बकरीद के दिन दोपहर में सूर्य और आसद के बीच मोटरसाइकिल को लेकर बहस हुई थी. आरोप है कि विवाद के बाद असद ने अपने पिता और कुछ साथियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद कथित रूप से सूर्य को सबक सिखाने की योजना बनाई गई और कुछ समय बाद उसे घेरकर हमला किया गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान में ये भी कहा कि सरकार की संवेदनशीलता आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून का राज कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा. उन्होंने ये भी कहा कि विकास और सुशासन की नीतियां बिना किसी भेदभाव के लागू की जा रही हैं, लेकिन अपराध करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें