'जमीन हमारे नाम करो वरना…', शादी के 3 महीने बाद महिला की मौत, मां ने पति की कार में देखी थी बॉडी

ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि करोड़ों की जमीन हड़पने के लिए उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.

Written by: Tanuja Joshi
Published: May 9, 2026, 7:22 PM IST

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. परिवार का दावा है कि करोड़ों की संपत्ति को लेकर महिला पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था.

मृतका की पहचान मोनिका नागर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मोनिका ने 17 फरवरी को अनुज चौहान नामक युवक से कोर्ट मैरिज की थी. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही रिश्तों में तनाव शुरू हो गया.

संपत्ति को लेकर शुरू हुआ विवाद

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही मोनिका पर उसके नाम की जमीन और संपत्ति ससुराल वालों के नाम करने का दबाव डाला जाने लगा. परिवार का कहना है कि यही विवाद धीरे-धीरे प्रताड़ना में बदल गया.

मोनिका के रिश्तेदारों ने दावा किया कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था. परिवार के मुताबिक, आरोपी पक्ष की नजर उसकी करोड़ों की प्रॉपर्टी पर थी.

मौत से पहले आया फोन

परिवार ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे मोनिका ने घर पर फोन किया था. उसने रोते हुए कहा कि उसका पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं.

परिजनों के अनुसार, मोनिका ने यह भी कहा कि उस पर जमीन ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जा रहा है और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है.

घर पहुंची मां तो दिखा भयावह दृश्य

फोन मिलने के बाद मोनिका की मां तुरंत बेटी के घर के लिए रवाना हुईं. शाम करीब 8 बजे जब वह वहां पहुंचीं, तो घर के बाहर भीड़ लगी हुई थी. परिवार का आरोप है कि उसी दौरान उन्होंने मोनिका के पति को उसकी बॉडी कार में रखते हुए देखा. परिवार पीछे-पीछे अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मोनिका को मृत घोषित कर दिया.

शव जलाने का भी आरोप

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें बताया गया कि शव जल चुका है और अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. परिवार का कहना है कि उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और आरोपी अब तक फरार हैं. उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और जांच जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और साफ हो पाएगी.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.