Groom Fraud Women With His Wife Looted 1 Crore 53 Lakh Matrimonial Scam Bengaluru
पैसों के लालच में पति की ही बहन बन गई पत्नी! शादी के नाम पर कपल ने किया 1.5 करोड़ का फ्रॉड
Matrimonial Fraud: मैट्रिमोनियल वेबसाइट की मदद लेकर लड़के ने 1.53 करोड़ की ठगी कर ली. सच का पता तब चला, जब पीड़िता लड़के के घर पहुंची और सामने बीवी और एक बच्चे को देखा.
बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाला फ्रॉड का मामला सामने आया है. एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर उससे 1.53 करोड़ रुपये की ठगी की गई. पीड़िता ने बताया कि 2024 में उसकी मुलाकात एक विजय राज गौड़ा उर्फ विजेथ बी. नाम के शख्स से मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर हुई. आरोपी ने खुद को बिजनेसमैन बताया और VRG एंटरप्राइजेज नाम की कंपनी का मालिक होने का दावा किया. उसने पॉश इलाकों में संपत्तियों की बात कहकर पीड़िता का भरोसा जीता.
शादी के सपने दिखाए और पैसे मांगता रहा आरोपी
जब बातचीत आगे बढ़ी और शादी की बातें शुरू हुईं, तो आरोपी ने पैसे मांगना शुरू कर दिया. शुरुआत में उसने 15,000 की छोटी रकम से की, जिसे उसने जॉइंट बिजनेस इन्वेस्टमेंट बताया. इसके बाद धीरे-धीरे रकम लाखों में पहुंच गई. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे लगातार दबाव में रखा और कहा कि शादी के बाद सब कुछ सेटल हो जाएगा. इसी भरोसे में आकर महिला ने न सिर्फ अपनी सेविंग्स दीं, बल्कि कर्ज लिया और दोस्तों व रिश्तेदारों से भी पैसे जुटाए.
कई बैंक खातों से हुआ करोड़ों का लेन-देन
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, HDFC, केनरा बैंक, ICICI और बैंक ऑफ बड़ौदा के कुल पांच खातों के जरिए आरोपी को 1 करोड़ 75 लाख 66 हजार 890 ट्रांसफर किए गए. इसमें दोस्तों और सहकर्मियों से लिए गए 89 लाख, माता-पिता से मिले 28 लाख, जिसमें मां की रिटायरमेंट सेविंग्स भी शामिल हैं, और गहने गिरवी रखकर जुटाए गए 10 लाख शामिल हैं. भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपी ने करीब 22.5 लाख वापस भी किए, लेकिन अब भी 1 करोड़ 53 लाख से ज्यादा की रकम बकाया है. पीड़िता का कहना है कि आरोपी के पिता बोरे गौड़ा, जिन्होंने खुद को रिटायर्ड तहसीलदार बताया, उन्होंने भी कंपनी के चेक देकर गारंटी दी, जिससे पूरे मामले को और विश्वसनीय बनाया गया.
परिवार के खिलाफ FIR दर्ज
मामले का सच तब सामने आया, जब पीड़िता खुद पैसे मांगने आरोपी के घर पहुंची. वहां उसे पता चला कि विजेथ पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है. जिस महिला को वह अपनी बहन बता रहा था, वही उसकी पत्नी सौम्या निकली, जिनसे उसकी तीन साल पहले शादी हो चुकी थी. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी का पूरा परिवार इस धोखाधड़ी में शामिल था और सभी ने मिलकर झूठी पहचान और फर्जी दावे पेश किए. जब महिला ने सच्चाई सामने आने पर विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं. पुलिस ने विजेथ बी., उसके पिता बोरे गौड़ा और पत्नी सौम्या के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. फिलहाल बैंक ट्रांजैक्शन, दस्तावेजों और कोर्ट पेपर्स की जांच की जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.