Gujarat Himachal Election Results 2022: गुजरात में कमल का 'कमाल', हिमाचल में 'हाथ' को जनता का साथ; जानें किसे कितनी सीटें

Gujarat Himachal Election Results 2022: गुजरात और हिमाचल में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में एक बार फिर 'कमल' खिला है. वहीं, हिमाचल का रिवाज भी बरकरार रहा.

Published date india.com Published: December 8, 2022 10:37 PM IST
Gujarat Himachal Election Results 2022
Gujarat Himachal Election Results 2022

Gujarat Himachal Election Results 2022: गुजरात और हिमाचल में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में एक बार फिर ‘कमल’ खिला है. वहीं, हिमाचल का रिवाज भी बरकरार रहा. हिमाचल में हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज रहा है. इस बार हिमाचल की जीत कांग्रेस के हिस्से आई है और सत्ताधारी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है. चुनाव आयोग (Election Commission Of India) की तरफ से जारी अंतिम आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (Gujarat BJP Total Seats) रिकॉर्ड 156 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं, कांग्रेस के खाते में 17 सीटें (Gujarat Congress Total Seats) आई हैं. राज्य में आम आदमी पार्टी का भी खाता खुला है और वह पांच सीट जीत में कामयाब रही है. इसके अलावा तीन सीटें निर्दलीय और 1 समाजवादी पार्टी ने जीती हैं. 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 92 है.

उधर, हिमाचल प्रदेश में सभी सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं. राज्य में कांग्रेस के खाते में 40 सीटें आई हैं. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 25 सीटों से संतोष करना पड़ा है. राज्य में निर्दलीयों के हिस्से में तीन सीटें आई हैं. राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 35 है.

गुजरात में BJP की ऐतिहासिक जीत

  • जीत के साथ-साथ भाजपा गुजरात में इतिहास बनाने जा रही है. बीजेपी ने राज्य में साल 2002 में सबसे ज्यादा 127 सीटों पर जीत दर्ज की थी. उस वक्त नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे. इसके बाद भाजपा कभी उस आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी थी, लेकिन इस बार वह अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पार करने जा रही है. पार्टी ने 1985 में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा जीती गई 149 सीटों के रिकॉर्ड को तोड़ते भी भी दिख रही है.
  • गुजरात की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट किया, ‘धन्यवाद गुजरात. अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं अभिभूत हूं. लोगों ने विकास की राजनीति का आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं कि यह गति और तेज गति से चलती रहे. मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं.
  • राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) ने भाजपा के इस प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया और कहा कि राज्य की जनता ने चुनाव में राष्ट्र-विरोधी तत्वों को नकार दिया. गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और वह 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे.
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि गुजरात के लोगों ने खोखले वादे, रेवड़ी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को नकार कर विकास एवं जनकल्याण को समर्पित नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है. शाह ने ट्वीट कर कहा कि गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का काम किया है और राज्य में इस ऐतिहासिक जीत पर गुजरात की जनता को नमन करता हूं.
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने पार्टी के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास व सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है. नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘गुजरात चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास, सुशासन और लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है.’
  • उधर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के ऐतिहासिक प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनकी साख को दिया. भाजपा गुजरात में लगातार सातवीं बार जीत दर्ज की है.
  • राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, गुजरात में भाजपा की ‘ऐतिहासिक विजय’ विकास, सुशासन और जन कल्याण के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता की जीत है. उन्होंने कहा, ‘इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा, उनकी लोकप्रियता और साख को जाता है. उन्हें बधाई और जनता का आभार.
  • वहीं, हिमाचल की हार के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि वह जनादेश का सम्मान करते हैं. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है. ठाकुर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘मैं जनादेश का सम्मान करता हूं.
  • वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि राज्यपाल से मिलने का समय मांगने और सरकार गठन की दूसरी औपचारिकताओं के बारे में फैसला पर्यवेक्षक करेंगे. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं.
  • उधर, गुजरात की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस के राज्य प्रभारी रघु शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है. शर्मा ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ तथाकथित ‘शांतिपूर्ण अभियान’ का नेतृत्व किया था. गुजरात में पार्टी इकाई के सूत्रों ने कहा, ‘इस अप्रत्याशित हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के पद से इस्तीफा दे दिया है.’
  • उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर के भी जल्द ही इस्तीफा देने की उम्मीद है. कांग्रेस की गुजरात इकाई के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि पार्टी की कड़ी मेहनत के बावजूद हार अभूतपूर्व है. उन्होंने कहा, ‘हम स्थिति का आकलन करेंगे.’

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Gujarat की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.