गुरुग्राम में बारिश बनी आफत, लगा आठ किलोमीटर लंबा जाम और सड़क धंसने से बढ़ी परेशानी

Gurugram Traffic Jam: गुरुग्राम में तेज बारिश से एनएच-48 पर सड़क धंस गई. 8 किलोमीटर लंबा जाम लगा. कई इलाकों में जलभराव हुआ. पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी और वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी.

Written by: Rishabh Kumar
Published: July 8, 2026, 6:51 AM IST

Gurugram Traffic Jam: मंगलवार (7 जुलाई, 2026) को गुरुग्राम में मानसून की पहली तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई बारिश लगभग 4 बजे तक लगातार होती रही. इस दौरान शहर में करीब 82 मिमी बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश की वजह से कई सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली-जयपुर हाईवे और शहर के बड़े चौराहों पर देखने को मिली. ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ा. कई लोगों का रोज का सफर सामान्य समय से काफी ज्यादा लंबा हो गया.

एनएच-48 पर सड़क धंसने से बढ़ी परेशानी

बारिश के दौरान एनएच-48 पर नरसिंहपुर के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. बताया गया कि इस जगह पर पहले से ड्रेनेज पाइप बिछाने का काम चल रहा था. खुदाई की वजह से सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो चुकी थी. तेज बारिश का पानी अंदर जाने से सड़क की नींव और कमजोर हो गई, जिसके बाद सड़क धंस गई. इस हादसे के कारण हाईवे की दो लेन बंद करनी पड़ीं. इसके चलते हीरो होंडा चौक से लेकर खेड़की दौला टोल प्लाजा तक करीब 8 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई, लेकिन सुरक्षा के लिए प्रभावित हिस्से को बंद रखा गया.

एम्बुलेंस भी जाम में फंसी

भारी जाम की वजह से सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि एम्बुलेंस भी रास्ते में फंस गईं. कई बाइक और कार चालकों ने बताया कि उन्हें एक घंटे से ज्यादा समय तक जाम में रुकना पड़ा. गूगल मैप के अनुसार शाम के समय राजीव चौक से नरसिंहपुर तक लगभग 10 किलोमीटर का सफर तय करने में 40 से 50 मिनट लग रहे थे. पूरे रास्ते पर भारी ट्रैफिक की स्थिति बनी रही. इसी दौरान सिविल लाइन रोड पर भी सड़क धंसने की घटना सामने आई, जहां खड़ी दो गाड़ियों के पहिए गड्ढे में फंस गए. वहीं एनएच-48 पर एक स्कूल बस खुली नाली में उतर गई. राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था.

पुलिस ने बदला ट्रैफिक रूट

स्थिति को संभालने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की. दिल्ली से जयपुर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक और हीरो होंडा चौक से एसपीआर रोड की ओर मोड़ा गया. कई वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे भेजा गया ताकि हाईवे पर दबाव कम हो सके. ट्रैफिक पुलिस और दूसरे अधिकारी लगातार सड़कों पर मौजूद रहे और वाहनों की आवाजाही को संभालते रहे. पुलिस ने लोगों से सलाह दी कि अगर जरूरी काम न हो तो भीड़ वाले रास्तों से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें.

कई इलाकों में जलभराव

बारिश के बाद नरसिंहपुर, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, इफको चौक, उद्योग विहार, सोहना रोड, वटिका चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, बसई, खांडसा रोड, पटौदी रोड और पुरानी दिल्ली रोड समेत कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही. लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों और कॉरपोरेट दफ्तरों से अगले कुछ दिनों तक कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है. इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और लोगों को लंबे जाम से राहत मिल सकती है. अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में लोगों को यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखना चाहिए.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.