How Police Arrested Theft Of Abhimanyu Singh House Burglary
1.37 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश: एक्टर अभिमन्यु सिंह के घर हुई वारदात में पुलिस ने कैसे दबोचा आरोपी
अभिनेता अभिमन्यु सिंह के घर हुई 1.37 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर आरोपी की पहचान की.
मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित पॉश लोखंडवाला इलाके में बॉलीवुड अभिनेता अभिमन्यु सिंह के घर हुई करोड़ों की चोरी की गुत्थी आखिरकार सुलझा ली गई है. ओशिवारा पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल केस में एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. राहत की बात यह है कि पुलिस ने चोरी गए माल का लगभग 92 प्रतिशत हिस्सा भी बरामद कर लिया है.
यह सनसनीखेज चोरी 29 दिसंबर 2025 की रात को लोखंडवाला के मैगनम टॉवर में स्थित बंगला नंबर 15 में हुई थी. आरोपी ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस जांच में सामने आया कि चोर ने बाथरूम की खिड़की के जरिए घर में प्रवेश किया और सीधे अलमारी में रखी तिजोरी को निशाना बनाया. तिजोरी को उठाकर वह मौके से फरार हो गया. उस तिजोरी में सोने, चांदी और हीरे के बहुमूल्य गहनों के अलावा बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी. शुरुआती आकलन में चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 37 लाख 20 हजार रुपये बताई गई थी.
स्थानीय सूत्रों के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही ओशिवारा पुलिस हरकत में आ गई और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना न होने के कारण केस चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था. इसके बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस निरीक्षक विकास कदम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में लगातार दो दिनों तक सघन निगरानी रखी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी दौरान 3 जनवरी 2026 को पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 26 लाख 10 हजार 450 रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के जेवरात बरामद किए.
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी कोई पहली बार अपराध करने वाला व्यक्ति नहीं है. उसके खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में पहले से ही 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस को आशंका है कि इस गिरफ्तारी से ओशिवारा और आसपास के इलाकों में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं के भी राज खुल सकते हैं. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ जारी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.