नया PNG कनेक्शन लेने में आता है कितना खर्च, कैसे कर सकते हैं अप्लाई? यहां मिलेगी पूरी जानकारी

Written By: Anjali Karmakar Updated by: Anjali Karmakar
Updated Date:April 15, 2025 2:28 PM IST

PNG Connection: अब LPG गैस सिलेंडर कनेक्शन के अलावा लोगों के पास PNG यानी पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन लेने का ऑप्शन भी है. ये LPG गैस सिलेंडर के मुकाबले बहुत किफायती पड़ता है. इसमें हर महीने सिलेंडर बदलने का झंझट भी नहीं रहता.

एक समय था जब खाना बनाने के लिए घरों में मिट्टी के चूल्हों का इस्तेमाल किया जाता था. अब करीब-करीब सभी घरों में LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होने लगा है. जो लोग इसे अफोर्ड नहीं कर पाते थे, उनके घर भी प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत LPG गैस सिलेंडर और चूल्हा पहुंच गया है. अब LPG गैस सिलेंडर कनेक्शन के अलावा लोगों के पास PNG यानी पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन लेने का ऑप्शन भी है. ये LPG गैस सिलेंडर के मुकाबले बहुत किफायती पड़ता है. इसमें हर महीने सिलेंडर बदलने का झंझट भी नहीं रहता.

Advertising
Advertising

आइए समझते हैं कैसे काम करता है PNG? कहां से ले सकते हैं इसका कनेक्शन? कौन से डॉक्यूमेंट चाहिए? कितना चार्ज लगेगा और अप्लाई का क्या तरीका है:-

कहां और कैसे ले सकते हैं PNG कनेक्शन?

अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं. आपके इलाके में PNG लाइन बिछी हुई है, तो आप PNG कनेक्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं. इसके लिए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी IGL से संपर्क करना होगा. आप IGL की ऑफिशियल वेबसाइट https://www.iglonline.net/newConnection पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं. आपके एप्लिकेशन के बाद कंपनी आपको जानकारी और दस्तावेज देगी. इसके बाद, कंपनी आपको अपने मोबाइल नंबर और ईमेल पर पेमेंट का लिंक भेजेगी. पेंमेंट करने के बाद कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

कौन-कौन से डॉक्यूमेंट चाहिए?

PNG कनेक्शन के लिए आपको आधार कार्ड या वोटर आईडी, रेजिडेंशियल प्रूफ, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, बिजली बिल, प्रॉपर्टी टैक्स रसीद या पानी के बिल की कॉपी देनी होगी.

कितना लगेगा चार्ज?

अपने घर पर नया IGL कनेक्शन लगवाने लेने के लिए IGL ऑफिस में या फिर ऑनलाइन 7000 रुपये जमा करने होते हैं. इसमें से 6,000 रुपये इंस्टॉलेशन के लिए और 1000 रुपये कंजप्शन सिक्योरिटी डिपॉजिट के लिए हैं. अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग योजनाएं भी हो सकती हैं. अगर आप एक साथ 7000 रुपये जमा नहीं कर सकते, तो हर महीने अपने IGL गैस बिल के साथ 500 रुपये की किस्त के तौर पर इसे चुका सकते हैं. कनेक्शन के लिए आप जो रकम देते हैं. यह रिफंडेबल होती है.

कितने दिन में लग जाएगा कनेक्शन?

कनेक्शन के लिए ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद रिव्यू होगा. एक बार आपका एप्लीकेशन एक्सेप्ट हो जाएगा, तो 15 से 20 दिन के अंदर ही आपके घर में नया IGL कनेक्शन लगा दिया जाएगा.

IGL बिल कैसे मिलता है?

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड से PNG कनेक्शन का बिल पोस्टपेड आता है. यानी इस्तेमाल करने के बाद ही उसके आधार पर आपका बिल आता है.कस्टमर अपना बिल IGL की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर देख सकते हैं. इसके लिए कस्टमर को अपना बीपी नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालकर ऐप पर लॉगिन करना होता है. बिल की प्रोसेसिंग और डिलीवरी के लिए कस्टमर को अपने रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर ई-बिल सब्सक्राइब करना चाहिए. ध्यान रखें कि ई-बिल सब्सक्राइब करना अनिवार्य है और आईजीएल बिल की कोई हार्ड कॉपी नहीं भेजी जाती.

IGL स्मार्ट कार्ड का करें इस्तेमाल

IGL स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल भी पीएनजी बिलों के पमेंट के लिए किया जा सकता है. कार, ऑटो, टैक्सी, माल वाहन जैसे व्यक्तिगत मालिकों के लिए यह कार्ड है. इस कार्ड के जरिए कस्टमर अपने लॉगिन आईडी से लाइव डैशबोर्ड, रिपोर्ट, और लेन-देन की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं.

किरायेदार भी ऐसे ले सकते हैं IGL से गैस कनेक्शन

अगर आप किराए के घर में रहते हैं और आप PNG Connection लेना चाहते हैं, तो आप भी अपने नाम से गैस कनेक्शन ले सकते हैं. इसके लिए, आपको रेंट एग्रीमेंट के साथ-साथ मकान मालिक का आधार कार्ड भी देना होगा. अप्लाई करने के 15 से 20 दिनों के अंदर, आपके घर पर कनेक्शन जुड़ जाएगा. हालांकि, बिल आपके नाम पर आएगा और पैसे भी आपको ही देने होंगे.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें