अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर 25% टैरिफ और रूस से ऊर्जा आयात पर अतिरिक्त जुर्माना लगाने की घोषणा के बाद भारत की विदेशी व्यापार नीति और घरेलू बाज़ार की सेहत को लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है. नए टैरिफ से भारतीय निर्यात पर सीधा संकट मंडराता दिख रहा है, ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वदेशी अपनाने की जोरदार अपील के साथ नया रोडमैप सामने रखा है.
क्या है पीएम मोदी का प्लान?
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज दुनिया की अर्थव्यवस्था उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रही है. ऐसे माहौल में हर देश अपने हितों को प्राथमिकता दे रहा है. भारत आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, ऐसे में हमें अपने आर्थिक हितों पर विशेष ध्यान देना होगा.’
‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
पीएम मोदी ने साफ कहा कि भारत के किसानों, उद्योगों और युवाओं की रोजगार प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, ‘हमारे हर फैसले में यह देखना जरूरी है कि हम जो चीज खरीदने जा रहे हैं, वह भारतीय लोगों की मेहनत से बनी है या नहीं. आज हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र को अपनाना होगा. देश के हर नागरिक को यह ठानना होगा कि हर नई चीज़ खरीदने के समय सबसे पहले ‘स्वदेशी’ उत्पादों को चुनें.’
कारोबारियों और दुकानदारों से पीएम की अपील
प्रधानमंत्री ने व्यवसायियों और दुकानदारों से भी खास अपील की, ‘जब दुनिया अनिश्चितता के दौर में है तब हमें ठान लेना चाहिए कि हम भी सिर्फ लोकल प्रोडक्ट्स ही बेचें. यह न सिर्फ देश की सच्ची सेवा होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का रास्ता भी खोलेगी.’ गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ घोषणा के बाद सरकार सतर्क है. संसद में कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल ने बताया कि इन फैसलों के असर का आंकलन किया जा रहा है और सभी संबंधित पक्ष कारोबारी, निर्यातक, MSME से बातचीत की जा रही है. सरकार ने भरोसा दिया ‘हम अपने किसानों, कामगारों, कारोबारियों, MSME और हर सेक्टर के हितों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएंगे.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.