Kal Ka Mausam 30 May: यूपी से बिहार तक बदलेगा मौसम का मिजाज, 19 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:May 29, 2026 6:01 PM IST

IMD Weather Update: मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम.

दिल्ली और उसके आसपास NCR इलाकों में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोग घरों से निकलने से बच रहे थे. सड़कें भी दोपहर के समय लगभग खाली दिखाई दे रही थीं और बिजली की बढ़ती खपत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी. ऐसे में अब मौसम विभाग की ताजा अपडेट ने लोगों को थोड़ी राहत दी है. चलिए इस खबर में आपको बताते हैं कल यानी शनिवार (29 मई, 2026) को दिल्ली, यूपी-बिहार समेत देशभर में मौसम कैसा रहेगा?

Advertising
Advertising

दिल्ली वालों को मिलेगी राहत

IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को बड़ी राहत महसूस होगी.

यूपी-बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट

वहीं यूपी के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या और बरेली समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान, लखनऊ में तापमान 34 डिग्री तक रह सकता है.

बिहार के कई जिलों जैसे पश्चिमी चंपारण, गया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

झारखंड और बंगाल वालों को मौसम से खतरा

झारखंड के रांची, देवघर, धनबाद और बोकारो में भी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी है. वहीं पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, मालदा, कूचबिहार और नॉर्थ 24 परगना में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और पेड़ों के गिरने से सावधान रहने को कहा है.

पहाड़ी राज्यों में कल कैसा रहेगा मौसम?

गर्मी से बचने के लिए अगर आप उत्तराखंड, हिमाचल या जम्मू-कश्मीर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम अपडेट जरूर देख लें. उत्तराखंड के देहरादून, चमोली और उत्तरकाशी में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है.

वहीं हिमाचल के शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में भी 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है.

कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह

राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़ और असम जैसे राज्यों में बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने मछुआरों को नदी और समुद्र किनारे जाने से बचने की सलाह दी है. साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और बिजली के खंभों व पेड़ों से दूर रहने को कहा गया है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें