By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- India Hindi
- In India The Number Of Infected With Coronavirus Has Increased To 562 So Far Nine People Have Died
देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 562 हुआ, अब तक नौ लोगों की हुई मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस आंकड़े में 43 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर बुधवार को 562 हो गए जबकि मृतकों में एक व्यक्ति के वायरस से संक्रमित नहीं होने का पता चलने के बाद मरने वालों की संशोधित संख्या कम होकर नौ हो गई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह जारी ताजा आंकड़ों में बताया कि दिल्ली में जिस दूसरे व्यक्ति की मौत हुई थी, वह कोविड-19 से संक्रमित नहीं था इसलिए भारत में मृतक संख्या कम होकर नौ हो गई है.
कोरोना वायरस के कारण महाराष्ट्र (दो), बिहार, कर्नाटक, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में अब तक नौ लोगों की मौत हुई है. आंकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से पीड़ित 512 लोगों का अभी उपचार चल रहा है जबकि 41 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई या वे देश से बाहर चले गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस आंकड़े में 43 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार कोविड 19 के सर्वाधिक मामले अभी तक केरल में सामने आए हैं. केरल में 109 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं जिनमें आठ विदेशी नागरिक हैं. इसके बाद महाराष्ट्र में 101 मामले दर्ज किए गए हैं जिनमें तीन विदेशी नागरिक हैं. कर्नाटक में कोरोना वायरस के मरीजों के 41 मामले सामने आए हैं जबकि तेलंगाना में 10 विदेशियों समेत 35 लोग संक्रमित हैं.
वहीं उत्तर प्रदेश में एक विदेशी नागरिक समेत 35 लोग संक्रमित हैं. गुजरात में एक विदेशी समेत 33 लोग संक्रमित पाए गए हैं जबकि राजस्थान में यह संख्या बढ़कर 32 हो गई है जिनमें दो विदेशी हैं. दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले की संख्या बढ़कर 31 हो गई है जिनमें एक विदेशी नागरिक शामिल है. हरियाणा में 28 मामले सामने आए हैं जिनमें 14 संक्रमित लोग विदेशी हैं जबकि पंजाब में 29 लोग इससे संक्रमित हैं.
लद्दाख में 13 और तमिलनाडु में दो विदेशियों समेत 18 मामले दर्ज किए गए हैं पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में नौ-नौ लोग इस वायरस से संक्रमित हैं. चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में अभी तक सात-सात मामले सामने आए हैं. उत्तराखंड में एक विदेशी नागरिक समेत चार लोग संक्रमित पाए गए हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और बिहार में तीन-तीन मामले और ओडिशा में दो मामले सामने आए हैं. पुडुचेरी, मणिपुर और छत्तीसगढ़ में एक-एक मामला सामने आया है.
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में मंगलवार आधी रात से 21 दिन के लॉकडाउन (बंद) की घोषणा की है.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें