भारत-चीन सीमा की फर्जी तस्वीरें हो रही है वायरल, सरकार ने कहा अफवाहों से दूर रहे
Fact Check: भारत-चीन सीमा से जुड़े वायरल फोटो और वीडियो पर सरकार ने चेतावनी जारी की है. जानिए PIB की फैक्ट चेक विंग ने इसके लिए क्या कहा है...
PIB Fact Check (Image: AI)
Fact Check: भारत-चीन सीमा से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. इन पोस्ट में कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार ने लोगों को इन पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी है. प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने कहा है कि ऐसी तस्वीरों और वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए नागरिक और मीडिया बिना जांचे-परखे किसी भी जानकारी को आगे शेयर न करें. सरकार का कहना है कि गलत जानकारी से लोगों में भ्रम फैल सकता है और अफवाहें बढ़ सकती हैं.
सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा
PIB ने साफ कहा है कि भारत-चीन सीमा से जुड़ी किसी भी खबर के लिए केवल रक्षा मंत्रालय और भारतीय सशस्त्र बलों की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो, फोटो या दावों को सही मानने से पहले उनकी पुष्टि करना जरूरी है. अधिकारियों के मुताबिक, सीमा से जुड़े मामलों में आधिकारिक बयान, तस्वीरें और वीडियो ही सबसे भरोसेमंद माने जाते हैं. इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक अपडेट पर ध्यान दें.
चीनी सेना की तस्वीरों पर भी उठे सवाल
सोशल मीडिया के कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि भारत-चीन सीमा के पास चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. इन तस्वीरों को तेजी से शेयर किया गया, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि इनकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में इन्हें सही मानना ठीक नहीं होगा. सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी ऐसी भ्रामक सामग्री हटाने का अनुरोध किया है, ताकि गलत जानकारी ज्यादा लोगों तक न पहुंचे.
पहले भी वायरल हो चुका था फर्जी दावा
सरकार ने याद दिलाया कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल हुआ था कि चीनी सेना भारतीय सीमा में 60 किलोमीटर अंदर तक घुस आई है. बाद में PIB की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया था. जांच में यह भी सामने आया था कि वायरल किया गया वीडियो भारत-चीन सीमा का था ही नहीं. इसके बावजूद इस तरह की पोस्ट तेजी से फैल गई थीं. इसी वजह से सरकार अब लोगों को फिर से सतर्क रहने की सलाह दे रही है.
बिना पुष्टि कोई पोस्ट शेयर न करें
अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है. किसी भी फोटो, वीडियो या खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें. गलत जानकारी फैलने से लोगों में भ्रम पैदा हो सकता है और संवेदनशील मामलों पर बेवजह तनाव बढ़ सकता है. सरकार ने नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि सीमा से जुड़े मामलों में सिर्फ रक्षा मंत्रालय और भारतीय सशस्त्र बलों की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें. इससे सही सूचना लोगों तक पहुंचेगी और अफवाहों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
(इनपुट: IANS)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें