Dubai Air Show: दुबई एयर शो में IAF का फाइटर प्लेन Tejas क्रैश, पायलट की मौत, दिल दहला देगा हादसे का VIDEO

Tejas Fighter Jet Crashes: दुबई एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के दौरान ये हादसा हुआ. तेजस फाइटर जेट के कैश होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायुसेना ने हादसे में पायलट की मौत की पुष्टि की है. कोर्ट ऑफ इन्कॉयरी के ऑर्डर दिए गए हैं.

Published date india.com Updated: November 21, 2025 10:38 PM IST
Dubai Air Show Fighter Plane Crash Video

भारतीय वायुसेना का स्वदेशी फाइटर जेट तेजस दुबई में शुक्रवार की दोपहर को क्रैश हो गया है. ये फाइटर जेट दुबई के एयर शो में हिस्सा ले रहा था. न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, भारतीय समयानुसार दोपहर 3:50 बजे एक डेमो फ्लाइट के दौरान ये हादसा हुआ. इस हादसे में पायलट की भी मौत हो गई है. तेजस क्रैश में जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले थे. वायुसेना ने इस क्रैश की कोर्ट ऑफ इंक्वॉयरी के ऑर्डर दे दिए हैं.

तेजस के क्रैश होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये क्रैश कितना भयानक था. वीडियो में दिख रहा है कि तेजस अपने डेमो रूटीन के दौरान सामान्य उड़ान भर रहा था. अचानक उसकी ऊंचाई कम होने लगी. फिर ये तेजी से नीचे गिरने लगा.

हादसे के बाद एयर शो को रोक दिया गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. वहां मौजूद सभी लोगों को एक्जिबिशन एरिया से बाहर निकाल दिया गया है. तेजस जेट क्रैश होने की ये दूसरी घटना है. इससे पहले 2024 में राजस्थान के पोकरण में युद्धाभ्यास के दौरान तेजस जेट क्रैश हो गया था. जांच में हादसे की वजह इंजन फेल होना बताया गया था.

भारतीय वायुसेना ने जारी किया बयान
इस बीच भारतीय वायुसेना ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है. वायुसेना ने कहा, “हम इस मुश्किल घड़ी में मृतक पायलट के परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (जांच समिति) गठित की जा रही है.”

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

दुबई में जुटी थीं दुनियाभर की एयरोस्पेस कंपनियां
दुबई एयर शो की शुरुआत 1989 हुई थी. इसे दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट में हर दो साल पर आयोजित किया जाता है. इस बार दुबई वर्ल्ड सेंट्रल (DWC) में 17-21 नवंबर 2025 तक दुबई एयर शो आयोजित था. यहां दुनिया की बड़ी एयरोस्पेस कंपनियां, एयरलाइंस, एयर फोर्सेज और टेक्नोलॉजी कंपनियां अपने नए प्लेन, हेलिकॉप्टर, डिफेंस सिस्टम और एरोस्पेस टेक्नोलॉजी दिखाती हैं. यह लगातार तीसरी बार है जब तेजस इसमें शामिल हुआ था.

कैसे बना फाइटर जेट तेजस?
लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट प्रोजेक्ट के तहत साल 1983 में तेजस का निर्माण शुरू हुआ था. इस फाइटर जेट को डॉ. कोटा हरिनारायण और उनकी टीम ने डेवलप किया था. साल 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस फाइटर जेट को तेजस नाम दिया था.

एयरफोर्स और नेवी के लिए HAL ने इसे बनाया
तेजस को एयरोनॉटिकल डिजाइन एजेंसी (ADA) ने डिजाइन किया है. हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने इसे एयरफोर्स और नेवी के लिए बनाया है. सुपरसॉनिक फाइटर जेट्स में तेजस सबसे हल्का जेट है. ये हवा में ही फ्यूल रिफिलिंग कर सकता है. यही वजह है कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, इंडोनेशिया और फिलीपींस समेत कई देश तेजस फाइटर जेट में दिलचस्पी दिखा चुके हैं.

तेजस फाइटर जेट कितना पावरफुल?

  • तेजस फाइटर जेट की लंबाई 13.2 मीटर (43 फीट 4 इंच) है. इसका विंगस्पैन करीब 8.2 मीटर (26 फीट 11 इंच) का है.
  • तेजस में कुल मिलाकर 9 हाई पॉइंट्स हैं. इसमें 23 मिलीमीटर की ट्विन-बैरल कैनन लगी हुई है.
  • ये हवा से हवा और हवा से जमीन पर मिसाइलें दाग सकता है. इसे 6 तरह की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों से लैस किया जा सकता है.
  • तेजस ध्वनि की गति यानी मैक 1.6 से लेकर 1.8 तक की तेजी से उड़ान भर सकता है.
  • ये फाइटर जेट 52 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है.
  • एक बार टेकऑफ करने के बाद ये 3000 किलोमीटर की दूरी तक उड़ान जारी रख सकता है.
  • सभी हथियारों के साथ इसका वजन 13500 किलोग्राम है.
  • तेजस में डिजिटल फ्लाई बाय वायर फ्लाइट कंट्रोल कंप्यूटर (DFCC) लगाया गया है. ये कंप्यूटर फाइटर प्लेन को उड़ाते समय पायलट के मुताबिक बैलेंस बनाए रखता है.
  • तेजस में डर्बी, पाइथन-5, R-73, अस्त्र, असराम और मेटियोर का इस्तेमाल हो सकता है.
  • इसमें हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें ब्रह्मोस-NG, ब्रह्मोस-NG एंटी शिप मिसाइलें भी लगाई जा सकती हैं.
    तेजस पर लेज़र गाइडेड बम, ग्लाइड बम और क्लस्टर वेपन भी लगाए जा सकते हैं.
  • तेजस की कीमत इसके वैरिएंट और स्पेसिफिक डील पर निर्भर करती है.हाल ही में वायुसेना ने 97 मार्क 1A एयरक्राफ्ट की डील की थी.इसकी अनुमानित लागत 62,370 करोड़ रुपये आई थी.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.