India Issues Travel Advisory For Indian Citizens Amid Iran Job Scam
ईरान जाने वाले भारतीय जरूर पढ़ लें ये खबर, विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी, जानें वजह
भारत सरकार ने ईरान यात्रा को लेकर भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ईरान में वीजा-मुक्त प्रवेश केवल पर्यटन के लिए है, रोजगार के लिए नहीं.
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है. हाल ही में कई मामले सामने आए हैं, जहां आपराधिक गिरोहों ने भारतीयों को नौकरी का लालच देकर ईरान बुलाया और फिर वहां उनका अपहरण कर लिया. इन गिरोहों ने अपहृत लोगों के परिवारों से भारी फिरौती भी मांगी. ऐसे घटनाक्रमों ने विदेश मंत्रालय को सतर्क किया है और अब भारतीयों को आगाह किया गया है कि वे ईरान की यात्रा करते समय और नौकरी के वादों पर यकीन करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल कर लें.
नौकरी का वादा कर अपहरण कर रहे
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, कई भारतीय नागरिकों को एजेंट्स ने यह कहकर ईरान बुलाया कि वहां से उन्हें तीसरे देशों में अच्छे रोजगार पर भेजा जाएगा. लेकिन जैसे ही ये लोग ईरान पहुंचे, वहां के आपराधिक गिरोहों ने उन्हें अगवा कर लिया. इसके बाद पीड़ितों के परिवारों से उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए मोटी रकम की मांग की गई. मंत्रालय का कहना है कि यह सब एक सोची-समझी आपराधिक साजिश का हिस्सा है, जिसमें धोखेबाज एजेंट और गिरोह मिलकर भोले-भाले लोगों को फंसाते हैं.
ईरान में पर्यटन के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश
एडवाइजरी में साफ तौर पर कहा गया है कि ईरान सरकार भारतीय नागरिकों को सिर्फ पर्यटन उद्देश्यों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश देती है. यानी, अगर कोई एजेंट यह दावा करता है कि बिना वीजा आपको वहां नौकरी मिलेगी, तो समझ लीजिए कि यह एक झूठ और धोखा है. रोजगार या किसी अन्य उद्देश्य के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश बिल्कुल संभव नहीं है. इसलिए भारतीय नागरिकों को आगाह किया गया है कि वे ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार न करें, वरना वे आपराधिक गिरोहों के जाल में फंस सकते हैं.
भारतीयों को बरतनी होगी सतर्कता
भारत सरकार ने यह भी कहा कि हर भारतीय को ऐसे झूठे वादों से सावधान रहना चाहिए और अगर कोई संदिग्ध ऑफर मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें. विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ऐसे धोखेबाज एजेंट्स और गिरोह भारत में भी सक्रिय हो सकते हैं, जो भोले-भाले युवाओं को रोजगार के सपने दिखाकर फंसाते हैं. इसलिए जरूरत है जागरूकता की, ताकि किसी भारतीय परिवार को अपहरण और फिरौती जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े. सरकार ने लोगों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच करें और ईरान केवल पर्यटन के लिए ही जाएं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.