होर्मुज में व्यापारी जहाजों पर हालिया हमलों और एक भारतीय नाविक की मौत के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार (14 जुलाई) को ईरानी उप मिशन प्रमुख मोहम्मद जवाद होसेनी सहित ईरानी राजनयिकों को तलब किया. मंत्रालय के अनुसार, ये कदम समुद्री व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के संबंध में उठाया गया है. भारत ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है. इस घटनाक्रम के बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भी भारत लगातार नजर बनाए हुए है.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मोम्बासा और अल बहियाह नामक दो तेल टैंकर ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उन पर दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया. इस हमले में मोम्बासा टैंकर पर तैनात एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि 6 भारतीयों सहित कुल आठ लोग घायल हुए. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है. हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई, लेकिन चालक दल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया.
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, घटना के कुछ घंटों बाद नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजनयिक को बुलाकर भारत की नाराजगी जाहिर की. अधिकारियों ने साफ किया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है और इससे क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है. यूएई ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है. यूएई सरकार ने कहा कि वह अपनी संप्रभुता, नागरिकों और समुद्री हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखती है.
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले भी साइप्रस के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय चालक दल का सदस्य लापता हो गया था. पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील दोहराई है. साथ ही सरकार क्षेत्र में मौजूद भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा पर लगातार नजर बनाए हुए है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.