खुशखबरी! अब कन्फर्म टिकट की तारीख आसानी से बदल सकेंगे यात्री, जानें कब से शुरू होगी ये नई सुविधा

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:October 7, 2025 10:50 PM IST

भारतीय रेल यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू करने जा रहा है. अब यात्री IRCTC टिकट की तारीख ऑनलाइन बिना किसी शुल्क के बदल सकते हैं. आइए जानते हैं पूरा प्रोसेस और क्या नियम है?

भारतीय रेल ने यात्रियों के लिए एक राहत भरा कदम उठाया है. अगले साल जनवरी से, यात्री अपने कन्फर्म टिकट की यात्रा तिथि (तारीख) ऑनलाइन बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदल सकेंगे. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एनडीटीवी को बताया कि यह कदम उन यात्रियों के लिए लिया गया है, जो अचानक प्लान चेंज कर देते थे. हालांकि, पहले भी यात्री टिकट रद्द कर नई टिकट बुक कर सकते थे, लेकिन इससे भारी रिफंड कटौती होती थी.

Advertising
Advertising

यात्रियों का खर्च बचेगा...

अभी तक टिकट बदलने के लिए यात्रियों को अपनी कन्फर्म टिकट रद्द करनी पड़ती थी. रद्द करने पर पैसे कटते थे, जो यात्रा की समय सीमा पर निर्भर करती थी. जैसे - अगर टिकट यात्रा के 48 से 12 घंटे पहले रद्द की जाती थी, तो किराये का 25 प्रतिशत काट लिया जाता था. 12 से 4 घंटे के बीच रद्द करने पर शुल्क और बढ़ जाता था, और रिजर्वेशन चार्ट बनने के बाद रिफंड लगभग नहीं मिलता था.

नई सुविधा में इस बात का रखें ध्यान

रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि नई नीति में यात्रियों को गारंटी नहीं है कि नई तारीख पर कन्फर्म टिकट मिलेगा. क्योंकि यह सीट की उपलब्धता पर निर्भर करेगा. इसके अलावा, अगर नई टिकट की कीमत पहले से अधिक है, तो यात्रियों को फेयर का अंतर चुकाना होगा. इसका मतलब यह है कि सुविधा मुफ्त है, लेकिन सीट उपलब्धता और मूल्य अंतर को ध्यान में रखना आवश्यक है. यह बदलाव मुख्य रूप से उन लाखों यात्रियों के लिए मददगार साबित होगा, जो आकस्मिक कारणों से यात्रा की योजना बदलते हैं.

यात्रियों के लिए राहतभरी सुविधा

यह नई नीति यात्रियों के लिए राहत और सुविधा दोनों का मिश्रण है. अब उन्हें भारी रद्दीकरण शुल्क और समय-सापेक्ष कटौती की चिंता किए बिना टिकट बदलने का विकल्प मिलेगा. इससे न केवल यात्रा का अनुभव बेहतर होगा बल्कि यात्रियों के लिए योजना बनाने और बदलने में लचीलापन भी बढ़ेगा. केंद्रीय रेल मंत्रालय का यह कदम यात्रियों के हित में और उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिससे भारतीय रेल का उपयोग और अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बन सके.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें