अब RAC सीट पर सफर करने वाले यात्रियों को नहीं होगी परेशानी, रेलवे ने बदल दिया नियम

Written By: Rishabh Kumar Updated by: Rishabh Kumar
Updated Date:August 7, 2026 6:37 PM IST

Indian Railway News: ट्रेन में RAC में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है, इसके बाद से इन यात्रियों को वो सुविधा मिलेगी जो कन्फर्म टिकट पर यात्रा करने वाले लोगों को मिलती है.

Indian Railway News: अगर आप अक्सर ट्रेन के AC कोच में सफर करते हैं और आपकी टिकट RAC में कन्फर्म होती है, तो यह खबर आपके काम की है. भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक बड़ा नियम बदल दिया है. अब AC कोच में सफर करने वाले RAC यात्रियों को भी पूरा बेडरोल किट मिलेगा. पहले यह सुविधा सिर्फ कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को मिलती थी. नए आदेश के बाद RAC यात्रियों को भी चादर, कंबल, तकिया और बाकी जरूरी सामान अलग से दिया जाएगा. रेलवे बोर्ड ने इस नियम को तुरंत लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.

Advertising
Advertising

पहले RAC यात्रियों को क्या परेशानी होती थी?

अब तक AC कोच में कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को पूरी बेडरोल किट मिलती थी, लेकिन RAC टिकट वाले यात्रियों को यह सुविधा पूरी नहीं मिलती थी. कई बार उन्हें सिर्फ चादर और तकिया दिया जाता था, जबकि कंबल नहीं मिलता था. कुछ ट्रेनों में दो RAC यात्रियों को एक ही बेडरोल किट साझा करनी पड़ती थी. इससे रात के सफर में काफी परेशानी होती थी. खासकर सर्दियों के मौसम में बिना कंबल के यात्रा करना मुश्किल हो जाता था. लंबे समय से यात्री इस समस्या को लेकर शिकायत कर रहे थे और अब रेलवे ने इस पर बड़ा फैसला लिया है.

रेलवे ने क्यों बदला यह नियम?

रेलवे बोर्ड के मुताबिक, बेडरोल को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन और दूसरे माध्यमों से बताया कि RAC टिकट होने की वजह से उन्हें पूरी बेडरोल किट नहीं मिलती थी. कई यात्रियों ने शिकायत की कि एक ही किट दो लोगों के बीच बांटी जाती थी. किसी को कंबल नहीं मिलता था तो किसी को तकिया नहीं दिया जाता था. इन शिकायतों को गंभीरता से लेने के बाद रेलवे बोर्ड ने नियमों में बदलाव करने का फैसला किया, ताकि सभी यात्रियों को बराबर सुविधा मिल सके और यात्रा के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो.

रेलवे बोर्ड ने जारी किया नया आदेश

रेलवे बोर्ड ने 4 अगस्त 2026 को NCR समेत सभी जोनल रेलवे को नया आदेश भेजा है. आदेश में साफ कहा गया है कि AC चेयर कार को छोड़कर सभी AC कोच में सफर करने वाले हर RAC यात्री को अलग से पूरी बेडरोल किट दी जाए. यानी अब किसी भी RAC यात्री को अपना कंबल, चादर या तकिया किसी दूसरे के साथ साझा नहीं करना पड़ेगा. रेलवे अधिकारियों को इस नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रयागराज होकर गुजरने वाली सभी AC ट्रेनों समेत पूरे देश की ट्रेनों में इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा.

लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे, IRCTC और दूसरे संबंधित विभागों को इस आदेश पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा है. अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नए नियम की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी यात्री को परेशानी न हो. इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा उन लाखों लोगों को मिलेगा, जो हर दिन RAC टिकट पर AC कोच में सफर करते हैं. अब उन्हें भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह पूरी बेडरोल किट मिलेगी. इससे सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक होगा और बेडरोल को लेकर होने वाली शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें