PM मोदी को इंडोनेशिया ने सबसे बड़े सम्मान से नवाजा- जानें यह अवार्ड क्यों है इतना खास
'बिनटांग अदिपुर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया 'मेडल ऑफ ऑनर' उन्हें दिया जाता है, जिन्होंने इंडोनेशिया गणराज्य की एकता, निरंतरता और समृद्धि के लिए अतुलनीय योगदान दिया हो.
PM मोदी को इंडोनेशिया ने 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' सम्मान से नवाजा गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया का सबसे बड़ा सम्मान 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मिला है. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो ने मंगलवार (जुलाई, 07, 2026) को इसकी जानकारी. 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मेडल ऑफ ऑनर उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने इंडोनेशिया गणराज्य की एकता, निरंतरता और समृद्धि के लिए विशेष योगदान दिया हो.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, 'आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी प्रदान किया गया है. यह सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है... इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है.' PM मोदी ने कहा, 'मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.'
25 से अधिक देशों से सम्मानित हो चुके हैं PM
इससे पहले सेशेल्स की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को वहां के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा, 25 से अधिक देशों ने भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा है.
तीन देशों के दौरे पर PM मोदी
इससे पहले PM मोदी सोमवार (जुलाई, 06, 2026) को इंडोनेशिया पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर भी जाएंगे. उनका फोकस इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत के खास पार्टनर्स के साथ ट्रेड, इन्वेस्टमेंट, डिफेंस, टेक्नोलॉजी और जरूरी मिनरल्स जैसे एरिया में सहयोग बढ़ाने पर है. PM मोदी के स्पेशल एयरक्राफ्ट को इंडोनेशियाई एयर फोर्स के F-16 और Su-30 कॉम्बैट जेट्स ने देश के एयरस्पेस में एंट्री करते समय एस्कॉर्ट किया. इसके बाद, इंडोनेशिया के प्रेसिडेंट प्रबोवो सुबियांटो ने जकार्ता पहुंचने पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया.
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक की. दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सहयोग और रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत-इंडोनेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर चर्चा की. बैठक में रक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत बनाने, महत्वपूर्ण खनिजों, खाद्य सुरक्षा तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही मई 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई.
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के औपचारिक स्वागत के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका (मर्डेका पैलेस) में सेरेमोनियल रिसेप्शन आयोजित किया गया. इस दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में मिले विशेष स्वागत का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'कल शाम जकार्ता में हुए खास स्वागत की खास बातें. आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ बातचीत का इंतजार है.'
(इनपुट: ANI, PTI)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें