INX Media case: 2 घंटे तक पूछताछ करने के बाद ईडी ने तिहाड़ जेल में ही पी चिदंबरम को गिरफ्तार किया

अभी ईडी को उन्हें तिहाड़ जेल से बाहर निकालने के कोई आदेश नहीं मिले हैं.

Published date india.com Updated: October 16, 2019 11:40 AM IST
INX Media case: 2 घंटे तक पूछताछ करने के बाद ईडी ने तिहाड़ जेल में ही पी चिदंबरम को गिरफ्तार किया

नई दिल्ली: आईएनएक्स मीडिया धन शोधन (INX Media case) मामले में पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी. चिदंबरम से पूछताछ करने के लिए तिहाड़ जेल पहुंचे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले ईडी ने उनसे जेल में दो घंटे तक पूछताछ की. कोर्ट के आदेश आने के बाद चिदंबरम को तिहाड़ जेल से निकाला जाएगा. अभी ईडी को उन्हें तिहाड़ जेल से बाहर ले जाने के आदेश नहीं मिले हैं. बता दें कि एक स्थानीय अदालत के मंगलवार ईडी को मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता से पूछताछ करने की अनुमति देने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate ) की जांच टीम तिहाड़ जेल पहुंची थी.

अदालत ने मंगलवार को ईडी को आवश्यकता पड़ने पर चिदंबरम (P Chidambaram) को गिरफ्तार करने की अनुमति भी दे दी थी. चिदंबरम की पत्नी नलिनी और बेटे कार्ति भी तिहाड़ जेल परिसर पहुंचते देखे गए थे. कांग्रेस नेता करीब 55 दिन सीबीआई और न्यायिक हिरासत में बिता चुके हैं. 21 अगस्त को उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया था. ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया था.

चिदंबरम 2004 से 2014 तक संप्रग-1 और संप्रग-2 सरकारों के दौरान केंद्रीय वित्त और गृह मंत्री थे. वित्त मंत्री के रूप में चिदंबरम के कार्यकाल के दौरान 2007 में 305 करोड़ रुपये का विदेशी धन प्राप्त करने के लिए आईएनएक्स मीडिया समूह को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए सीबीआई ने 15 मई, 2017 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी. इसके बाद, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2017 में इस संबंध में धन शोधन का मामला दर्ज किया था.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.